Gujarat Murder: घर में अकेली थी युवती, ढाई लाख से अधिक की लूट, परिचित का हाथ होने की आशंका

Gujarat Murder: घर में अकेली थी युवती, ढाई लाख से अधिक की लूट, परिचित का हाथ होने की आशंका

बारडोली। मांडवी तहसील के गोदावाड़ी गांव के टेकरी फलिया से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां रहने वाले एक परिवार की अनुपस्थिति में रात के समय घर में घुसे अज्ञात लुटेरों ने 25 वर्षीय युवती की हत्या कर लाखों रुपए लूट लिए। इस मामले में मृतका के पिता वासुदेव उर्फ नटूभाई रणछोड़भाई कोली पटेल ने मांडवी पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार मृतका निधि कुमारी अपने माता-पिता के साथ रहती थी।

धार्मिक यात्रा पर गए थे माता-पिता

गत 21 अगस्त को उसके माता-पिता फलिया से निकली बस में धार्मिक यात्रा पर गए थे। उस दिन रात में युवती घर में अकेली थी। इसके बाद 22 अगस्त की सुबह निधि कुमारी की बुआ उसके साथ रहने के लिए घर आईं, लेकिन बुआ को पथरी का दर्द उठने के कारण वे 23 अगस्त की सुबह ही अपने घर वापस लौट गईं। ऐसे में युवती घर में अकेली ही थी। रात 9:30 बजे पिता से उसका फोन पर संपर्क हुआ था, जिसमें पिता ने बेटी को घर ठीक से लॉक करके सो जाने के लिए कहा था।

बिखरा हुआ था घर का सामान

इसके बाद 24 अगस्त को जब माता-पिता यात्रा से लौटे तो घर का आगे का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज लगाने के बावजूद बेटी के दरवाजा न खोलने और फोन न लगने पर वे पीछे की तरफ गए। घर का पिछला दरवाजा खुला था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। घर में बेटी के न दिखने पर परिवार ने उसकी तलाश की। बाद में ऊपर की मंजिल पर जाने पर परिजन अपनी बेटी का शव देखकर स्तब्ध रह गए। मांडवी पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार अज्ञात बदमाशों ने 23 अगस्त की रात लूट के इरादे से घर में प्रवेश किया था।

आभूषण और नकदी लूटी

लुटेरों ने 25 वर्षीय निधि कुमारी की हत्या कर दी। इसके बाद हत्यारों ने शव को घर की छत पर सीढ़ी के केबिन के पीछे छिपा दिया था। इसके बाद आरोपियों ने आभूषण और नकदी लूट ली। लूटे गए माल में एक लाख रुपए कीमत की 2 तोला सोने की चेन, 50 हजार की 1 तोला सोने की अंगूठी, 50 हजार का 1 तोला सोने का ब्रेसलेट, 35 हजार रुपए नकद, 7 हजार की कीमत की चांदी की पायलों की दो जोड़ी और युवती का 10 हजार रुपए का मोबाइल फोन शामिल है। घटना को लेकर मांडवी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फोरेंसिक पोस्टमार्टम के लिए शव सूरत भेजा

मृतका के अकेले होने के कारण उसके साथ कुछ अनहोनी होने की भी प्रबल संभावना जताई जा रही है, जिसके चलते पुलिस ने शव को सूरत के नए सिविल अस्पताल में फोरेंसिक पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सूरत जिला पुलिस प्रमुख और एलसीबी की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंच गई। फिलहाल जिले भर की पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर सबूत इकट्ठा करने और हत्यारों को जल्द से जल्द पकड़ने की कवायद तेज कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाले

हत्या और लूट की इस पूरी घटना में किसी परिचित व्यक्ति का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। लुटेरों को परिवार की अनुपस्थिति और घर में मौजूद संपत्ति के बारे में पहले से ही जानकारी होने की आशंका के चलते पुलिस ने उस दिशा में भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से फिलहाल अपराध की गुत्थी सुलझाने के लिए घटनास्थल और आसपास की सड़कों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा ह्यूमन इंटेलिजेंस, मोबाइल लोकेशन और टावर डंपिंग तकनीक का इस्तेमाल कर जांच बेहद तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *