Gujarat Accident: पहाड़ी से स्कूटर फिसलने से गिरे पति-पत्नी की मौत, ट्रक की टक्कर से महिला शिक्षक ने तोड़ा दम

Gujarat Accident: पहाड़ी से स्कूटर फिसलने से गिरे पति-पत्नी की मौत, ट्रक की टक्कर से महिला शिक्षक ने तोड़ा दम

Road Accidents: गुजरात में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। मेहसाणा में महाकाली देवी के दर्शन कर लौट रहा दंपती स्कूटर फिसलने से पहाड़ी से नीचे गिर गया। पंचमहाल में ट्रक की टक्कर से महिला शिक्षक की जान चली गई, जबकि पाटण जिले में कार और बाइक की भिड़ंत में घायल युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मेहसाणा जिले की सतलासणा तहसील में उमरेचा गांव के पास मिनी पावागढ़ के नाम से प्रसिद्ध पहाड़ी पर हादसे में दंपती की मौत हो गई।

दोनों की मौके पर ही मौत

मृतकों की पहचान लांघणज तहसील के सालडी गांव निवासी रमण ठाकोर और चंद्रिका ठाकोर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दंपती महाकाली देवी के दर्शन करने के लिए पहाड़ी पर गया था। दर्शन के बाद स्कूटर से घर लौटते समय वाहन फिसल गया। इससे दोनों पहाड़ी से नीचे गिर गए। हादसे में गंभीर चोटें लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू की।

ट्रक की टक्कर से महिला शिक्षक की मौत

पंचमहाल जिले के हालोल में कंजरी बाईपास रोड पर गुरुवार को ट्रक और स्कूटर की टक्कर में महिला शिक्षक की मौत हो गई। मृतका की पहचान निमिषा पटेल के रूप में हुई है। वह हालोल स्थित नालंदा स्कूल में कार्यरत थीं। जानकारी के अनुसार निमिषा पटेल स्कूटर से स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान कंजरी बाईपास रोड पर चौराहे के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि निमिषा को संभलने का मौका नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर उनके परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना से परिवार और स्कूल में शोक का माहौल है।

कार-बाइक की भिड़ंत में घायल युवक की मौत

वहीं पाटण जिले में समी के पास कार और बाइक की टक्कर में घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान जाखेल गांव निवासी भरत भरवाड़ (30) के रूप में हुई है। हादसे से जुड़े घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में चर्चा शुरू हो गई। समी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *