Guarat news: मतदाता सूची में गड़बड़ियों के आरोपों पर कांग्रेस का हमला

Guarat news: मतदाता सूची में गड़बड़ियों के आरोपों पर कांग्रेस का हमला

ahmedabad : अहमदाबाद पहुंचे महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने रविवार को गुजरात प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में केंद्र और राज्य सरकार पर प्रहार किए। उन्होंने वोट बचाओ देश बचाओ अभियान के तहत चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए। साथ ही मतदाता सूचियों की निष्पक्ष जांच, पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने और चुनाव आयोग की जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी और केंद्र सरकार की विदेश नीति को लेकर भी निशाना साधा। कांग्रेस की इस मुहिम का उद्देश्य मतदाता अधिकारों के मुद्दे पर जनसमर्थन जुटाना और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना है।

एसआइआर में नाम हटाने पर जताई चिंता

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) प्रक्रिया के तहत देशभर में 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए जाने का मुद्दा गंभीर है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से नहीं कटना चाहिए। नए मतदाताओं के फॉर्म-6 में पुरानी पारिवारिक मतदान संबंधी जानकारी मांगे जाने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, नियुक्ति प्रक्रिया पारदर्शी बनाने और कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। चव्हाण ने बैलेट पेपर से मतदान की बहाली की मांग भी उठाई।

किसानों, बेरोजगारी और विदेश नीति पर भी निशाना

चव्हाण ने केंद्र सरकार की विदेश नीति की आलोचना करते हुए चीन और पाकिस्तान से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के मोर्चे पर प्रभावी भूमिका नहीं निभा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर अमरीका के दबाव में काम करने संबंधी राहुल गांधी के आरोपों का भी उल्लेख किया।

गुजरात में बूथ स्तर पर तैनात होंगे वोट रक्षक: चावड़ा

गुजरात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने दावा किया कि एसआइआर के दौरान राज्य में 5.08 करोड़ से अधिक मतदाताओं में से 14.61 प्रतिशत यानी 74 लाख से ज्यादा नाम मृत, स्थानांतरित या डिलिटेड मतदाताओं की श्रेणी में बताए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह स्थिति मतदाता सूची की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करती है। चावड़ा ने कहा कि गुजरात में प्रत्येक बूथ पर वोट रक्षक नियुक्त किए जाएंगे और चौपाल बैठकें आयोजित कर मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा। कांग्रेस ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में देशव्यापी रैली का भी ऐलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *