Google Cloud India के अंतरिम प्रमुख बने अमित कुमार, शशिकुमार श्रीधरन ने छोड़ा पद

Google Cloud India के अंतरिम प्रमुख बने अमित कुमार, शशिकुमार श्रीधरन ने छोड़ा पद

नयी दिल्ली, सात अक्टूबर गूगल क्लाउड इंडिया के प्रबंध निदेशक शशिकुमार श्रीधरन ने कंपनी के बाहर अन्य अवसर तलाशने के लिए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसके बाद अमित कुमार को कंपनी के भारतीय परिचालन का अंतरिम प्रमुख नियुक्त किया गया है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। नेतृत्व में इस बदलाव की घोषणा गूगल क्लाउड एशिया प्रशांत के अध्यक्ष करण बाजवा ने लिंक्डइन पर एक पोस्ट में की।

बाजवा ने लिखा, मैं व्यक्तिगत रूप से शशिकुमार श्रीधरन को धन्यवाद देना चाहता हूं, जो गूगल से बाहर किसी अन्य अवसर की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रीधरन ने गूगल क्लाउड में अपने कार्यकाल के दौरान कई भूमिकाएं निभाई हैं, जिनमें शुरुआत में एशिया प्रशांत (एपीएसी) क्षेत्र के लिए मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) और बाद में भारत के लिए प्रबंध निदेशक का पद शामिल है। गूगल क्लाउड इंडिया में डिजिटल नेटिव्स के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत अमित कुमार अब भारत के परिचालन का नेतृत्व करेंगे।

बाजवा ने कहा, ‘‘अमित कुमार के गूगल क्लाउड इंडिया के अंतरिम प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने के साथ ही हमारा ध्यान अपनी असाधारण गति को आगे बढ़ाने पर है। भारत में हमारे ग्राहकों और भागीदारों के लिए आगामी अवसर पहले से कहीं अधिक बड़े हैं, और हमारी टीम आगे जो कुछ भी पेश करेगी, उसे लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *