Google की मूल कंपनी Alphabet का शुद्ध लाभ घटा, तीसरी तिमाही में 26.17 अरब डॉलर रहा

Google की मूल कंपनी Alphabet का शुद्ध लाभ घटा, तीसरी तिमाही में 26.17 अरब डॉलर रहा

गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट इंक. ने तीसरी तिमाही में राजस्व में मजबूत वृद्धि दर्ज की, लेकिन कंपनी की कमाई वॉल स्ट्रीट की उम्मीदों के अनुरूप नहीं रही है। इसके बाद बुधवार को कंपनी का शेयर करीब नौ प्रतिशत टूट गया। कैलिफोर्निया के माउंटेन व्यू स्थित कंपनी ने बताया कि जुलाई-सितंबर तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 26.17 अरब डॉलर रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 34.98 अरब डॉलर से कम है।

हालांकि, इस दौरान कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़कर 127.58 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इसके बावजूद यह विश्लेषकों के 127.97 अरब डॉलर के औसत अनुमान से कम रहा। कंपनी ने प्रति शेयर 2.12 डॉलर की कमाई दर्ज की।

तिमाही के नतीजों पर इक्विटी निवेश में 8.7 अरब डॉलर के नुकसान का भी असर पड़ा। रिपोर्ट के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं था कि कंपनी की प्रति शेयर कमाई के आंकड़े की विश्लेषकों के करीब 3.01 डॉलर के अनुमान से सीधे तुलना की जा सकती है या नहीं। गूगल और अल्फाबेट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई ने एक बयान में तिमाही को मजबूत बताया।

पिचाई के मुताबिक, कंपनी का व्यापक तकनीकी ढांचा उसके विभिन्न कारोबारों में वृद्धि को गति दे रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनी के कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित सहायक ऐप जेमिनी के उपयोगकर्ताओं की संख्या एक अरब तक पहुंच गई है। उन्होंने इसे गूगल के इतिहास में सबसे तेजी से बढ़ने वाला उत्पाद बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *