Gonda Crime: 70 हजार की लूट के बाद पुलिस से भिड़ा बदमाश, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Gonda Crime: 70 हजार की लूट के बाद पुलिस से भिड़ा बदमाश, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Gonda Crime: गोंडा में शराब की दुकान के सेल्समैन से हुई करीब 70 हजार रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली नगर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। उसके पास से लूट के 19,500 रुपये, तमंचा-कारतूस और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई है।

गोंडा में शराब की दुकान के सेल्समैन से हुई लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली नगर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली लगने से घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान यश प्रताप सिंह के रूप में हुई है। मामला 4 सितंबर की रात करीब साढ़े 10 बजे का है। रूद्रपुर विशेन स्थित कंपोजिट शराब की दुकान पर अंकित गुप्ता सेल्समैन है। वह दुकान बंद करने के बाद अपने साथी शिवप्रकाश तिवारी के साथ बाइक से अम्बेडकर चौराहे से बालपुर बाजार की ओर जा रहा था। रास्ते में दो बाइकों पर सवार बदमाशों ने उन्हें पीछे से रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने असलहे के बल पर दोनों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अंकित के पास मौजूद दुकान के करीब 70 हजार रुपये की रकम लूटकर सभी मौके से भाग निकले। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस तभी से आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

पैर में लगी गोली अस्पताल में चल रहा इलाज

इसी बीच 6 सितंबर को आधी रात पुलिस टीम इलाके में संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दुल्लापुर की तरफ से बिना नंबर की बाइक पर एक संदिग्ध बदमाश आ रहा है। सूचना मिलते ही टीम लालपुर खालसा तिराहे के पास पहुंची और घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने की कोशिश के दौरान बदमाश ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके बाएं पैर में लगी। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

तलाशी में आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, 19,500 रुपये नकद और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक मिली। पूछताछ में यश प्रताप सिंह ने शराब दुकान के सेल्समैन से हुई लूट में अपने अन्य साथियों के साथ शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस अब उसके साथियों की तलाश और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *