Gonda में कजली तीज पर 12 लाख शिवभक्तों के आने का अनुमान, सुरक्षा और रूट डायवर्जन लागू

Gonda में कजली तीज पर 12 लाख शिवभक्तों के आने का अनुमान, सुरक्षा और रूट डायवर्जन लागू

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में कजली तीज के अवसर पर सोमवार को ऐतिहासिक पृथ्वीनाथ और दुखहरन नाथ मंदिरों में 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं के जलाभिषेक करने की संभावना है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि रुपईडीह विकासखंड के पचरन स्थित पृथ्वीनाथ मंदिर में करीब छह लाख और गोंडा शहर के दुखहरन नाथ मंदिर में चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि कर्नलगंज स्थित सरयू नदी से जल लेकर आने वाले कांवड़ियों के मार्ग और दोनों मंदिरों को दो जोन तथा 16 सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। अधिकारी ने बताया कि मेले के मद्देनजर शनिवार सुबह आठ बजे से 15 सितंबर सुबह आठ बजे तक यातायात परिवर्तन लागू रहेगा।

उन्होंने बताया कि आपात एवं आवश्यक सेवाओं को छोड़कर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी और हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने स्वास्थ्य सेवाओं को भी अलर्ट पर रखा है। जिलाधिकारी ने बताया कि दोनों मंदिरों में अस्थायी चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे और मार्ग में एंबुलेंस तैनात रहेंगी।

उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में अतिरिक्त बिस्तर आरक्षित रखे गए हैं और सरयू नदी में एसडीआरएफ और पीएसी की ‘फ्लड यूनिट’ तैनात की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) राधेश्याम राय ने बताया कि मेला क्षेत्र में करीब 2,600 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिनमें चार अपर पुलिस अधीक्षक और 21 क्षेत्राधिकारी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि होमगार्ड, पीआरडी और स्वयंसेवी संगठन भी व्यवस्था में सहयोग करेंगे।

कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर टॉमसन इंटर कॉलेज और अदम गोंडवी खेल मैदान में प्रतीक्षा क्षेत्र बनाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *