Gold Silver Price Today: सोने की कीमत में आज मंगलवार को गिरावट देखी जा रही है। घरेलू वायदा बाजार में शुरुआती कारोबार में भाव लाल निशान पर ट्रेड करते दिखे हैं। एमसीएक्स एक्सचेंज पर सुबह 9 बजकर 37 मिनट पर 5 अक्टूबर की डिलीवरी वाला सोना 0.56 फीसदी या 880 रुपये की गिरावट के साथ 1,55,060 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। सोने के साथ ही चांदी की वायदा कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखी जा रही है। एमसीएक्स पर 4 सितंबर की डिलीवरी वाली चांदी का भाव इस समय 1.01 फीसदी या 2402 रुपये की गिरावट के साथ 2,35,646 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखा।
सोने का वैश्विक भाव
सोने की वैश्विक कीमतों में आज गिरावट देखी जा रही है। कॉमेक्स पर सोने का भाव 0.60 फीसदी या 26.70 डॉलर की गिरावट के साथ 4,447 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, गोल्ड स्पॉट इस समय 0.55 फीसदी या 24.29 डॉलर की गिरावट के साथ 4,391.70 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।
चांदी का वैश्विक भाव
सोने के साथ ही चांदी की वैश्विक कीमतों में भी गिरावट देखी जा रही है। कॉमेक्स पर चांदी का भाव 1.41 फीसदी या 0.93 डॉलर की गिरावट के साथ 65.30 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, सिल्वर स्पॉट इस समय 0.91 फीसदी या 0.60 डॉलर की बढ़त के साथ 65.18 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।
क्यों गिरे सोने के भाव
अमेरिका-ईरान के बीच कोई बातचीत न होने से कच्चा तेल 90 डॉलर के पार जा पहुंचा है। ब्रेंट क्रूड मंगलवार सुबह 91.52 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करता दिखा है। कच्चे तेल में इस तेजी से महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। साथ ही यूएस फेडरल रिजर्व और दुनिया के दूसरे बड़े केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी करने की आशंका भी बढ़ गई है। उच्च ब्याज दरें सोने की कीमतों पर दबाव डालती हैं। उच्च ब्याज दरों की स्थिति में निवेशक बिना ब्याज वाले एसेट सोने से निकलकर ट्रेजरी बॉन्ड जैसे ब्याज देने वाले एसेट्स में पैसा लगाने लगते हैं। यही कारण है कि आज सोने में मुनाफावसूली दिखी और भाव गिर गए।

