गोड्‌डा प्रसव के दौरान आदिम जनजाति की महिला की मौत:CHC से सदर अस्पताल के लिए नहीं मिला एंबुलेंस, मजबूरी में लेकर गए प्राइवेट क्लिनिक

गोड्‌डा प्रसव के दौरान आदिम जनजाति की महिला की मौत:CHC से सदर अस्पताल के लिए नहीं मिला एंबुलेंस, मजबूरी में लेकर गए प्राइवेट क्लिनिक

गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र स्थित केडोबाजार में सनलाइफ हेल्थ केयर क्लीनिक में ऑपरेशन के दौरान एक गर्भवती की मौत हो गई। घटना के बाद क्लीनिक में मौजूद डॉक्टर मौके से फरार हो गए, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। मृतका की पहचान रतनपुर कुसुम घाटी निवासी मीरा मालतो (पति चार्लीज मालतो) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह उसका दूसरा बच्चा था। बच्चा सुरक्षित है। मीरा मालतो आदिम जनजाति पहाड़िया समुदाय से थी। फर्जी क्लीनिक चलाने पर उठे सवाल घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने केडोबाजार से सुंदरपहाड़ी मुख्य सड़क को जाम कर दिया। क्लीनिक प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि प्रसव के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण महिला की जान चली गई। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि संबंधित क्लीनिक फर्जी तरीके से संचालित हो रहा था। जहां न तो पर्याप्त चिकित्सीय सुविधाएं थीं और न ही योग्य डॉक्टर मौजूद थे। इसके अलावा स्थानीय जलसहिया सारा मालतो पर भी आरोप लगाया गया कि उन्होंने महिला को सरकारी अस्पताल के बजाय निजी क्लीनिक में भर्ती कराने की सलाह दी। रेफरल के बाद नहीं मिली एम्बुलेंस परिजनों के अनुसार, मीरा मालतो को पहले राजाभीठा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहां से उनकी स्थिति को देखते हुए गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, उस समय एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजन असमंजस में पड़ गए। इसी दौरान जलसहिया के सुझाव पर महिला को रात में सनलाइफ हेल्थ केयर क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस-प्रशासन मौके पर, जांच शुरू घटना की सूचना मिलते ही सुंदरपहाड़ी और राजाभीठा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क जाम हटाया। गोड्डा के सिविल सर्जन डॉ. सुभाष शर्मा ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिल चुकी है। वे स्वयं जांच कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *