Global Market में जबरदस्त उछाल, Gold Price 1.59 लाख के पार, Investors की बढ़ी दिलचस्पी

Global Market में जबरदस्त उछाल, Gold Price 1.59 लाख के पार, Investors की बढ़ी दिलचस्पी
सोने-चांदी की कीमतों में एक बार फिर तेज उछाल देखने को मिला है। घरेलू बाजार में सोना पिछले सात कारोबारी सत्रों में 12,400 रुपये यानी करीब 8.4 प्रतिशत महंगा हो चुका है। तीन अगस्त को 1,47,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर रहा सोना अब 1,59,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है।
चांदी में भी बुधवार को तेजी रही। चांदी 4,000 रुपये बढ़कर 2,46,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 2,42,000 रुपये प्रति किलोग्राम था। इस तरह सोने के साथ चांदी में भी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ती दिखाई दे रही है।
मौजूद जानकारी के अनुसार, सोने की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे सबसे बड़ी वजह निवेशकों की सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ती रुचि है। अमेरिका में महंगाई के नए आंकड़े जारी होने से पहले निवेशक बाजार में सावधानी बरत रहे हैं। इसके अलावा पश्चिम एशिया में लगातार बने भू-राजनीतिक तनाव ने भी सोने और अन्य कीमती धातुओं की मांग को बढ़ाया है।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के जिंस मामलों के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी के मुताबिक, अमेरिकी सरकारी बांड पर मिलने वाले प्रतिफल में कमी और डॉलर में स्थिरता ने भी सोने-चांदी की कीमतों को मजबूती दी है। हालांकि, अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों से पहले निवेशकों के सतर्क रहने के कारण तेजी सीमित भी रही।
गौरतलब है कि अमेरिका में महंगाई के आंकड़ों का असर वहां की केंद्रीय बैंक की आगे की ब्याज दर नीति पर पड़ सकता है। निवेशक यह देख रहे हैं कि महंगाई में लगातार दबाव बना हुआ है या उसमें नरमी आ रही है। पेट्रोल की ऊंची कीमतें भी महंगाई की चिंता बढ़ा सकती हैं और अमेरिकी केंद्रीय बैंक को ब्याज दरों को लेकर सावधानी बरतने के लिए मजबूर कर सकती हैं।
वैश्विक बाजार में भी कीमती धातुओं में तेजी रही। हाजिर सोना 44.48 डॉलर यानी 1.02 प्रतिशत बढ़कर 4,412.63 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं चांदी 2.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ 66.23 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती रही। बता दें कि वैश्विक बाजार की चाल, डॉलर की स्थिति, ब्याज दरों की उम्मीद और भू-राजनीतिक तनाव घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमतों को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *