गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक रेस्टोरेंट कर्मचारी से मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह विवाद ऑनलाइन ऑर्डर को लेकर शुरू हुआ। आरोपी युवक बार-बार रेस्टोरेंट में फोन कर रहा था, जिससे कर्मचारी परेशान हो गए। कर्मचारियों ने युवक से बार-बार कॉल न करने को कहा। इसी बात से नाराज होकर आरोपी युवक खुद रेस्टोरेंट पहुंच गया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उसने कर्मचारियों से बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट करने लगा। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी एक कर्मचारी को धक्का देता है और उसके साथ हाथापाई करता है। मौके पर मौजूद अन्य लोग बीच-बचाव करते भी नजर आ रहे हैं। पीड़ित कर्मचारी ने बताया कि मारपीट के बाद भी आरोपी युवक उसे लगातार फोन पर धमकी दे रहा है। कर्मचारी के पास धमकी भरे फोन कॉल की रिकॉर्डिंग भी है, जिसे उसने पुलिस को सौंप दिया है। पीड़ित कर्मचारी ने इंदिरापुरम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि उन्हें सीसीटीवी फुटेज और फोन कॉल से जुड़े सबूत मिले हैं। इन सभी सबूतों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


