लग्जरी कार बनी ‘गांजा एक्सप्रेस’, ₹50 लाख का माल जब्त, खत्म हुआ ओडिसा से यूपी तक का खेल

लग्जरी कार बनी ‘गांजा एक्सप्रेस’, ₹50 लाख का माल जब्त, खत्म हुआ ओडिसा से यूपी तक का खेल

Mirzapur crime news: पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओजी सर्विलांस और पड़री थाने की पुलिस ने 50 लख रुपए से अधिक कीमत का अवैध गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही पुलिस ने पांच शातिर अंतर्जनपदीय तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बरामद की गई एक चार पहिया वाहन को पुलिस ने जप्त कर लिया है।

कार से बरामद हुआ 100 किलो गांजा

जानकारी के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना के बाद एसओजी व थाना पड़री की पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बडौरी महादेव मंदिर के पास एक संदिग्ध होंडा सिटी कार UP 32 FV 0200 को रोक कर उसकी तलाशी ली गई। पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में 100.60 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। उसके साथ पुलिस ने कार में सवार पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

इनकी हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यम सिंह उर्फ राहुल सिंह, सौरभ मिश्रा उर्फ पंकज मिश्रा, विकास तिवारी उर्फ बिक्कु, राजन तिवारी उर्फ विश्वजीत तिवारी और पवन पांडे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी मिर्जापुर और प्रयागराज जनपद के रहने वाले हैं।

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा के संभलपुर से गांजा लेकर मिर्जापुर, प्रयागराज, सोनभद्र इत्यादि जिलों में इसकी सप्लाई करते थे। उन्होंने बताया कि गांजा बेचने के बाद जो धन प्राप्त होता था उससे वह अपने निजी कार्यों और शौक के लिए खर्च किया करते थे। पुलिस ने बताया कि यह एक संगठित गिरोह है जो लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और कुछ नगदी भी बरामद की है। इस मामले में पड़री थाने पर एनडीपीएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों को मेडिकल कराकर जेल भेज दिया है।

पड़री थाने का हिस्ट्रीसीटर है पवन

पुलिस ने बताया कि इसमें से कुछ आरोपियों का पुराना अपराधी इतिहास भी सामने आया है। पवन पांडे थाना पड़री का ही हिस्ट्रीसीटर है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने संकेत दिया है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ उनका ऑपरेशन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *