Balod Ganesh Jhanki 2026: बालोद जिला मुख्यालय में गणपति बप्पा को विदाई देने का समय आ गया है। शहर में स्थापित 16 बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन मंगलवार को भव्य झांकी और शोभायात्रा के साथ किया जाएगा। समितियां अपनी-अपनी झांकियों को अंतिम रूप दे रही है। प्रशासन ने भी शांतिपूर्ण और सुरक्षित विसर्जन के लिए कमर कस ली है। जिला यातायात कार्यालय में शांति सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में एसडीएम नूतन कंवर, थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा, यातायात पुलिस के अधिकारी और शहर की सभी 16 समितियों के पदाधिकारी शामिल हुए। करीब एक घंटे तक चली बैठक में विसर्जन को लेकर कई कड़े निर्णय लिए गए और दिशा-निर्देश जारी किए गए।
शाम 6 से रात 10 बजे तक ही निकलेगी शोभायात्रा
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि गणेश विसर्जन शोभायात्रा के लिए समय सीमा तय है। झांकी के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन शाम 6 से रात्रि 10 बजे के बीच ही करना होगा। समितियों समय का विशेष ध्यान रखें। समितियों को मंगलवार सुबह 11 बजे तक अपना रूट चार्ट प्रशासन को भेजना होगा, जिससे यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाई जा सके।
डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध सिर्फ धुमाल की अनुमति
पिछले वर्षों में डीजे की तेज आवाज और अश्लील गानों को लेकर उठे विवादों को देखते हुए इस बार प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। इस बार विसर्जन शोभायात्रा में डीजे पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। कोई भी समिति डीजे का उपयोग नहीं कर सकेगी। समितियां सिर्फ पारंपरिक धुमाल का उपयोग कर सकती हैं।
पौराणिक झांकियां बढ़ाएंगी शोभा
कई समितियों पौराणिक कथाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां तैयार कर रही हैं। कुछ बड़ी और भव्य झांकियां राजनांदगांव से भी बुलाई गई हैं। ये सभी झांकियां मंगलवार शाम 4 बजे तक सजकर तैयार हो जाएंगी। शाम 6 से 7 बजे के बीच विसर्जन यात्रा शुरू कर दी जाएगी।
अभद्रता करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
एसडीएम नूतन कंवर और थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने कहा कि झांकी और विसर्जन देखने के लिए हर वर्ग, महिला, बच्चे और बुजुर्ग आते हैं। यदि कहीं भी अभद्रता, अश्लील हरकत या हुड़दंग किया गया तो संबंधित व्यक्ति पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी समिति के 10-15 सदस्यों को वालिंटियर बनाएं। वालिंटियर विसर्जन यात्रा के दौरान अपनी समिति के साथ रहेंगे और किसी भी तरह के वाद-विवाद को बढऩे से पहले ही शांत कराएंगे। किसी भी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र, लाठी या आपत्तिजनक वस्तु लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
हर चौक-चौराहे पर तैनात रहेगा पुलिस बल
विसर्जन शोभायात्रा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अलावा 150 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती पूरे विसर्जन मार्ग पर की गई है। हर चौक-चौराहे पर पुलिस बल मौजूद रहेगा। सादी वर्दी में भी पुलिस कर्मी भीड़ पर नजर रखेंगे।

