कोलकाता, दो अक्टूबर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि मजबूत भारत की दिशा में हर कदम महात्मा गांधी के आदर्शों से प्रेरित होना चाहिए। महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए बनर्जी ने सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा, ‘‘गांधी जयंती पर, मैं बापू जी को नमन करती हूँ और सच्चाई, सादगी तथा सेवा के उनके सदाबहार संदेश को याद करती हूँ।’’
उन्होंने कहा कि मजबूत भारत की ओर हर कदम गांधी के आदर्शों से प्रेरित रहे। महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए, तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि इस अवसर पर वह सत्य, करुणा, न्याय और समानता के उन शाश्वत मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं, जिनके लिए राष्ट्रपिता खड़े रहे।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, ‘‘बापू ने एक ऐसे भारत की कल्पना की थी जहाँ हर नागरिक सम्मान के साथ जी सके, जहाँ सबसे कमज़ोर लोगों की भी आवाज़ सुनी जाए और जहाँ हर भारतीय का कल्याण सार्वजनिक जीवन के केंद्र में हो।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बापू को हमारी सबसे बड़ी श्रद्धांजलि यही होगी कि हम ऐसा भारत बनाएं जो सभी लोगों का समान रूप से हो, जहां किसी की आवाज न दबाई जाए, कोई नागरिक पीछे न छूटे और संविधान ही हमारा मार्गदर्शक बना रहे।

