होली खेलने के बाद राप्ती नदी में नहाने गए चार बच्चे डूबे

होली खेलने के बाद राप्ती नदी में नहाने गए चार बच्चे डूबे

होली के दिन श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के सेमरहनिया गांव में बड़ा हादसा हो गया। रंग खेलने के बाद राप्ती नदी में नहाने गए चार बच्चे गहरे पानी में डूबने लगे। गांव के एक युवक ने बहादुरी दिखाते हुए तीन बच्चों को बाहर निकाल लिया। जबकि एक आठ साल की बच्ची देर शाम तक लापता रही।

श्रावस्ती जिले में बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे सेमरहनिया गांव में होली की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। गांव के चार बच्चे रंग खेलने के बाद राप्ती नदी में नहाने चले गए थे। नहाते समय वे अनजाने में नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए। और डूबने लगे। बच्चों को हाथ-पांव मारते देख नदी किनारे मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद मंगली पुत्र सुभाष ने हिम्मत दिखाते हुए बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। तेज बहाव के बीच उन्होंने एक-एक कर तीन बच्चों को बाहर निकाल लिया। बचाए गए बच्चों में उर्मिला (10), अंशिका (9) और लक्ष्मण (12) शामिल हैं। उर्मिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी बच्चों को तुरंत भिनगा जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।

एक बच्ची अभी लापता, तलाश जारी

हालांकि आठ वर्षीय कुमकुम गहरे पानी में लापता हो गई। देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना के बाद गांव के 6-7 लोग खुद नदी में उतरकर तलाश में जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। और एसडीआरएफ को बुलाया गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान जारी है।

परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुमकुम के दादा ने बताया कि जब तक वे लोग नदी किनारे पहुंचे। तब तक बच्ची लापता हो चुकी थी। परिवार को अब भी उम्मीद है कि वह मिल जाएगी। कुमकुम के पिता हरियाणा में मजदूरी करते हैं। परिवार में दो छोटे भाई भी हैं।

नहाते समय बच्चे चले गए गहरे कुंड में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम कर रही तलाश

ग्रामीणों का कहना है कि जहां बच्चे नहा रहे थे। वहां नदी में गहरा कुंड है। होली के दिन बड़ी संख्या में लोग यहां स्नान करने आते हैं। लेकिन वहां न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगा है। और न ही सुरक्षा के इंतजाम हैं। मल्हीपुर थाना पुलिस मौके पर तैनात है। स्थिति पर नजर रखे हुए है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों पर बच्चों को नदी या गहरे पानी के पास अकेला न जाने दें। गांव में इस हादसे के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *