Mohan Bhagwat in Shahdol : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत पहली बार आज मध्य प्रदेश के शहडोल दौरे पर हैं। वो यहां एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। संघ प्रमुख के आगमन को लेकर जिलेभर की सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच गई है। मोहन भागवत के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), स्पेशल ब्रांच, जिला पुलिस और आसपास के जिलों से आने वाले अधिकारियों ने शहडोल में डेरा डाल रखा है।
मोहन भागवत के जारी शेड्यूल के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 बजे वो ट्रेन के माध्यम से वो कटनी स्टेशन पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग के जरिए वो शहडोल के लिए निकलेंगे। उनका कार्यक्रम पांडवनगर स्थित सरस्वती स्कूल परिसर में प्रस्तावित है। दौरे के दौरान उन्हें Z+ केटेगिरी की सुरक्षा में रहेंगे। इसके अलावा उनकी सुरक्षा में करीब 350 अधिकारी-कर्मचारियों की तैनात रहेंगे, जिनमें DSP रैंक के अधिकारी, CISF की विशेष टुकड़ी और विभिन्न जिलों से बुलाए गए पुलिस बल शामिल हैं।
विशेष सुरक्षा घेरे में पांडवनगर
संघ प्रमुख के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां लगातार निरीक्षण कर पैनी नजर बनाए हुए हैं। पांडवनगर इलाके को विशेष सुरक्षा घेरे में रखा गया है, वहीं पूरे इलाके में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध कर दी गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश से पहले सघन जांच, सीसीटीवी निगरानी और मल्टीलेयर सिक्योरिटी सिस्टम तैयार कर लिया गया है।
कई रास्ते रहेंगे बंद
संघ प्रमुख के आगमन और वापसी के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक अस्थाई रूप से बंद कर दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों की तैयारी भी कर रखी है। ताकि आम लोगों को इस अवधि में कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह
संघ प्रमुख के शहडोल दौरे को लेकर जिलेभर के स्वयंसेवकों और संघ कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
महत्वपूर्ण हैं दौरा
बताया जा रहा है कि, डॉ. मोहन भागवत 22 तारीख की रात करीब 11 बजे शहडोल से वापस रवाना होंगे। लंबे समय बाद संघ प्रमुख के इस महत्वपूर्ण दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
3 दिन हाई अलर्ट
RSS प्रमुख डॉ मोहन भागवत के शहडोल प्रवास को लेकर शहडोल एसपी रामजी श्रीवास्तव का कहना है कि, संघ प्रमुख डॉ मोहन भागवत का तीन दिन शहडोल प्रवास पर रहेंगे। z+ सुरक्षा अंतर्गत यहां पर समुचित सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है, ताकि उनकी सुरक्षा में कोई भी चूक की संभवाना बाकी न रहे। 350 अधिकारी कर्मचारी बाहर से प्राप्त हुए है। सरस्वती स्कूल कैंपस में 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है, पांडवनगर इलाके के 500 मीटर के इलाके में ड्रोन प्रतिबंध किया गया है।


