आगरा में एक ऑटो दुर्घटना में फिरोजाबाद के जोरवारपुर थाना एका निवासी कमलेश कुमार (44) गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मंगलवार दोपहर ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के नवीन गल्ला मंडी के पास हुआ, जब ऑटो एक खड़े वाहन से टकरा गया। कमलेश कुमार अपनी दवा लेने आगरा आ रहे थे। उन्होंने टुंडला से दोपहर करीब 2 बजे ऑटो संख्या UP80 HT 0435 में रामबाग के लिए सवारी की थी। आरोप है कि ऑटो चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। कमलेश ने चालक को सावधानी से वाहन चलाने के लिए कहा भी था, लेकिन उसने उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया। हादसे में कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें तुरंत गंगा देवी अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए, उन्हें बाद में टेढ़ी बगिया स्थित रामा देवी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल के भतीजे राजकुमार ने बताया कि दुर्घटना में उनके चाचा का पैर कई जगह से टूट गया है। डॉक्टरों ने पैर के दो ऑपरेशन बताए हैं और उनका इलाज जारी है। गुरुवार को घायल के भाई ने फरार ऑटो चालक के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

