Chhatarpur- छतरपुर में केन-बेतवा लिंक परियोजना प्रस्तावित है। इससे तीन राज्यों के लोगों को लाभ मिलेगा। इधर केन-बेतवा लिंक परियोजना का विरोध भी किया जा रहा है। परियोजना के प्रभावित अपनी मांगों के समर्थन में लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। शुुक्रवार को ऐसे ही एक प्रदर्शन के दौरान जोरदार विवाद हो गया। इस मामले में शनिवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सहित उनके 50 समर्थकों, कार्यकर्ताओं एफआइआर दर्ज कर ली। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ये कार्रवाई की गई है। प्रदर्शनकारियों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारियों से अभद्रता का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही है। कांग्रेसियों पर केस दर्ज करने पर सियासत गरमा उठी है।
बमीठा थाना में यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार सहित 50 कार्यकर्ताओं, समर्थकों पर मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि कांग्रेसियों के प्रदर्शन के दौरान पूर्व सांसद सत्यव्रत चतुर्वेदी की बेटी कांग्रेस नेत्री निधि चतुर्वेदी भी उपस्थित थीं। बमीठा टीआई बाल्मीक चौबे के मुताबिक आरोपियों पर धारा 223, 132, 191(2), 190 बीएनएस 3(1) लगाई गई हैं। लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 के तहत भी केस पंजीबद्ध किया गया है।
टीआई बाल्मीक चौबे के अनुसार पन्ना टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र अधिकारी (चंद्रनगर) राजेंद्र कुमार सोलंकी की शिकायत पर ये केस दर्ज किया गया है। उनका आरोप है कि यूथ कांग्रेस नेता अभिषेक परमार के साथ 50 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों ने भूसोर गेट पर कर्मचारियों के साथ अभद्रता की और सरकारी संपत्ति को नुकसान भी पहुंचाया।
केन-बेतवा लिंक परियोजना के प्रभावितों के प्रदर्शन के दौरान हुए विवाद में वन अधिकारी की शिकायत के बाद बमीठा थाना पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार सहित 50 से अधिक लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है।
वन विभाग के भुसौर गेट को तोड़कर प्रदर्शनकारियों ने अंदर प्रवेश किया
बमीठा थाने में रेंजर राजेन्द्र कुमार सोलंकी द्वारा दर्ज कराई शिकायत के अनुसार वन विभाग के भुसौर गेट को तोड़कर प्रदर्शनकारियों ने अंदर प्रवेश किया। वहां काम कर रहे कर्मचारियों के कार्य में बाधा डालते हुए अभद्रता की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक आरोपियों में से 20-25 लोगों की पहचान की जा चुकी है। जल्द ही सभी की गिरफ्तारी की जाएगी।
ये है मामला
परियोजना स्थल पर आंदोलन चल रहा है। शुक्रवार को अभिषेक सिंह परमार यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंचे। चंद्रनगर वन परिक्षेत्र के गेट पर तैनात वन विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कांग्रेस नेताओं की वन कर्मचारियों के साथ तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि परमार ने अपनी कार से नीचे उतरकर समर्थकों के साथ गेट को तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर लिया।


