भास्कर न्यूज | जालंधर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में फेडरेशन ऑफ नेशनल पोस्टल ऑर्गेनाइजेशंस (एफ़एनपीओ) की 13वीं फेडरल कांग्रेस और नेशनल एसोसिएशन ऑफ पोस्टल एम्प्लॉयज ग्रुप-सी (एनएपीई-सी) के 26वें अखिल भारतीय सम्मेलन की शुरुआत हुई। 5 से 9 जून तक चल रहे इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से एफ़एनपीओ से संबद्ध यूनियनों और संघों के करीब 1,200 प्रतिनिधि, पदाधिकारी और सदस्य भाग ले रहे हैं। सम्मेलन के ओपन सेशन का उद्घाटन 7 जून, 2026 को सांसद (राज्यसभा) और एलपीयू के संस्थापक चांसलर डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने किया। उन्होंने डाक कर्मचारियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि डाक सेवा देश के दूर-दराज़ क्षेत्रों को जोड़ने के साथ नागरिकों को सेवा-केंद्रित सुविधाएं उपलब्ध कराती है। इस अवसर पर डॉ. मित्तल ने एफ़एनपीओ की स्मारिका का विमोचन भी किया। एफएनपीओ के महासचिव शिवाजी वासिरेड्डी ने फेडरेशन की गतिविधियों व उपलब्धियों पर रिपोर्ट प्रस्तुत की। सम्मेलन में डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण, कर्मचारियों के कल्याण, सेवा शर्तों और विभाग के समक्ष चुनौतियों पर विचार-विमर्श रखा गया। आयोजकों ने आयोजन स्थल उपलब्ध कराने और प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए एलपीयू के प्रति आभार व्यक्त किया।


