क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी आज (17 फरवरी) से शुरू हो रही सीबीएसई (CBSE) 10वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं होंगे। वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी इस दफा परीक्षा नहीं देंगे। अपने क्रिकेट को ही वो इस दफा फोकस करेंगे। अंडर-19 वर्ल्ड कप के स्टार वैभव सूर्यवंशी ने हालांकि अपना परीक्षा का फॉर्म भर दिया था। लेकिन, आईपीएल (IPL) की तैयारियों और विशेष ट्रेनिंग कैंप के व्यस्त होने की वजह से परिवार के लोगों ने फैसला लिया कि वो अब अगले साल बोर्ड की परीक्षा में शामिल होंगे।
अगले साल देंगे परीक्षा
वैभव सूर्यवंशी बिहार के ताजपुर के रहने वाले हैं। वे ताजपुर के मोडेस्टी स्कूल से ही उन्होंने 10वीं का फार्म भरा था। लेकिन अब वे 17 फरवरी से 11 मार्च तक होने वाली परीक्षा नहीं देंगे। लेकिन, क्रिकेट कमिटमेंट्स की वजह से वे लगातार पढ़ाई को फोकस नहीं कर पाए। इसकी वजह से परीक्षा की तैयारी बेहतर नहीं हो पाई है। वैभव और उनके परिवार के लोगों में इसकी वजह से यह आम सहमति बनी की इस साल परीक्षा नहीं देना है। अगले साल परीक्षा दिया जायेगा। इधर, परीक्षा केंद्र पर वैभव के पहुंचने को लेकर प्रशासन ने विशेष तैयारी कर ली थी।
नीतीश कुमार से करेंगे मुलाकात
वैभव परीक्षा 22 फरवरी को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलेंगे। आईपीएल 2025 में उनके शानदार प्रदर्शन की वजह से वैभव को ‘सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन’ का अवॉर्ड मिला था। अवॉर्ड के तहत उन्हें टाटा की इलेक्ट्रिक कार मिली है जो कि उन्होंने अपनी मां को गिफ्ट कर दिया है।
30 छक्के का बनाया रिकार्ड
सूर्यवंशी ने भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप में 30 छक्के लगाए थे। इसके साथ अपने नाम एक नया रिकार्ड बना लिया था। अपने 30 छक्के के साथ उन्होंने 2022 में साउथ अफ्रीका के डेवॉल्ड ब्रेविस की ओर से लगाए गए 18 छक्कों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। अब वह अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वैभव अंडर-19 वनडे में भी भारत के टॉप रन स्कोरर हैं। वैभव ने 25 पारियों में 56.48 की औसत 1,412 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक, सात अर्धशतक और 175 रन की सर्वाधिक पारी शामिल है।


