किसानों, मजदूरों और श्रमिकों से जुड़ी लंबित समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन श्रमिक जनशक्ति ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन लखनऊ प्रशासन को सौंपा है। सुभाष चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए किसान संगठन ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) द्वारा अधिग्रहित जमीन का बकाया भुगतान, गांवों के विकास कार्य, जर्जर सड़कों और जलभराव समेत 11 मांग जैसी गंभीर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। संगठन का कहना है कि वर्षों से लंबित मुद्दों के कारण किसान और आम नागरिक लगातार परेशान हैं। LDA अधिग्रहण का बकाया भुगतान अब तक लंबित ज्ञापन में बताया गया कि तहसील बीकेटी स्थित ग्राम सभा मोइनुद्दीन की जमीन का अधिग्रहण वर्ष 1981 में लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया था। अधिग्रहण के दौरान जिन खसरा संख्याओं की जमीन ली गई, उनमें से कई किसानों को आज तक पूरा मुआवजा नहीं मिल सका है। संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि ऐसे सभी किसानों को अविलंब उनकी जमीन का पूरा भुगतान दिलाया जाए। अधिग्रहण से छूटी जमीनों का मिलान करने की मांग किसान यूनियन ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम सभा मोइनुद्दीन की सैकड़ों गाटा संख्याएं अधिग्रहण से छूट गई हैं या फिर गैजेट में दर्ज नहीं हैं। संगठन का कहना है कि इन गाटा संख्याओं का सही मिलान कर उन्हें अधिग्रहण से बाहर किया जाए, ताकि किसानों की जमीन पर किसी तरह का विवाद न रहे। गांव के समग्र विकास की उठी आवाज ग्राम सभा मोइनुद्दीन के ग्रामीणों ने गांव में बुनियादी सुविधाओं के विकास की मांग उठाई है। ज्ञापन में बारातघर, खेलकूद के मैदान के निर्माण के साथ-साथ गांव के चारों ओर सरकारी सड़कों और नालियों के शीघ्र निर्माण की आवश्यकता बताई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बुनियादी ढांचे की कमी के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। अधिग्रहित किसानों को 10% विकसित प्लॉट देने की मांग संगठन ने मुख्यमंत्री के पूर्व आदेशों का हवाला देते हुए मांग की है कि यमुना प्राधिकरण की तर्ज पर LDA भी अधिग्रहित जमीन के बदले किसानों को 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट उपलब्ध कराए। इससे विस्थापित किसानों को दोबारा बसने में राहत मिल सकेगी। कुर्सी रोड पर संकरी पुलिया से आवागमन बाधित कुर्सी रोड स्थित ग्राम सभा बेहटा नहर पर बनी पुरानी पुलिया को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। यह पुलिया ग्राम सभा कतली, शहर और बेहटा गांव को जोड़ती है, लेकिन अत्यधिक संकरी होने के कारण आए दिन परेशानी होती है। संगठन ने पुलिया का चौड़ीकरण कर नई पुलिया के निर्माण की मांग की है। जानकीपुरम 60 फीट रोड की बदहाली से व्यापारी परेशान जानकीपुरम की 60 फीट रोड पर बिजली के केबल डालने के लिए सड़क खोद दिए जाने के बाद उसे ठीक नहीं किया गया है। सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे दुकानदारों और आम नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने सड़क के तत्काल पुनर्निर्माण की मांग की है। एफएसडी अस्पताल के पीछे सड़क-नाली जर्जर एफएसडी अस्पताल के पीछे राधेश्याम पुरवा गांव को जाने वाली सड़क और नाली की हालत बेहद खराब बताई गई है। नगर निगम से कई बार शिकायत के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है। वार्ड प्रथम की सड़कों और जलभराव की समस्या जानकीपुरम वार्ड नंबर प्रथम में बाबा निर्मल दास स्कूटी के पास से मंडियांव गांव को जाने वाली सड़क की हालत जर्जर बताई गई है। इसके अलावा फैजुल्लागंज अजीजनगर में भारत इलेक्ट्रिशियन की दुकान से नटवीर बाबा मजार तक जलभराव की गंभीर समस्या बनी रहती है। संगठन ने सड़क और नाली के निर्माण की मांग की है। फैजुल्लागंज में कई मार्गों के निर्माण की मांग ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि फैजुल्लागंज क्षेत्र में बेरी होटल के पास मंदिर से धीरज के मकान तक, तथा राजन के घर से हरी मस्जिद तक सड़क और नाली का निर्माण कराया जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़कों के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है।


