पीलीभीत की पूरनपुर मंडी समिति में शुक्रवार को धान की तौल न होने पर एक किसान और विपणन अधिकारी (MO) के बीच मारपीट हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने मंडी प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के ग्राम पचपेड़ा तालुके महाराजपुर निवासी किसान गुरसरन सिंह पुत्र तरसेम सिंह अपना धान लेकर मंडी समिति के UPSS 3 क्रय केंद्र पर आए थे। किसान का आरोप है कि वह पिछले लगभग 20 दिनों से धान की तौल का इंतजार कर रहे थे। शुक्रवार को जब गुरसरन सिंह का धान नहीं तौला गया, तो उन्होंने विपणन अधिकारी (MO) प्रदीप कुमार से तौल में देरी का कारण पूछा। इस बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। मंडी में मौजूद अन्य किसानों और कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मारपीट के बाद मंडी में मौजूद अन्य किसानों में भी आक्रोश फैल गया। किसानों का आरोप है कि क्रय केंद्रों पर जानबूझकर धान की तौल में देरी की जा रही है, जिससे उन्हें अपनी फसल बिचौलियों को कम दाम पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद मंडी सचिव और प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हुए हैं। थाना अध्यक्ष पवन पांडे ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।


