सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु पुलिस और साइबर सेल टीम ने एक करोड़ सात लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस सराहनीय कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन ने कपिलवस्तु थाना प्रभारी सहित पूरी साइबर पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस के अनुसार, 17 दिसंबर 2025 को म्यूल खाते के जरिए 1 करोड़ 7 लाख 3 हजार 720 रुपये की ऑनलाइन वित्तीय ठगी का मामला सामने आया था। जांच के दौरान थाना कपिलवस्तु पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा। आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, एक मारुति स्विफ्ट कार और 98 हजार 200 रुपये नकद बरामद किए गए। एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने बताया कि यह सम्मान कपिलवस्तु पुलिस टीम द्वारा बड़े साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़ करने और महत्वपूर्ण सफलता हासिल करने पर दिया गया है। उन्होंने टीम को भविष्य में भी इसी लगन और उत्साह से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि साइबर अपराधों से बचने के लिए किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने में सूचना दें। प्रशस्ति पत्र पाने वाली साइबर टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी, उप निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र, कंप्यूटर ऑपरेटर विनय यादव, आरक्षी राहुल यादव, आरक्षी आलोक यादव और महिला आरक्षी अनुपम सिंह शामिल हैं।


