EWS आरक्षण के नियमों में सरलीकरण की मांग को लेकर शिव से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी के नेतृत्व में निकाली जा रही EWS सरलीकरण यात्रा गुरुवार को डीडवाना पहुंची। कुचामन सिटी से डीडवाना पहुंची यात्रा का शहर में रोड शो के दौरान नागरिकों और युवाओं ने स्वागत किया। इसके बाद मिर्धा स्टेडियम में जनसभा हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग जुटे। केंद्र की शर्तों पर भाटी ने उठाए सवाल जनसभा में विधायक भाटी ने केंद्र सरकार के EWS आरक्षण की शर्तों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजस्थान में EWS से जुड़ी कई शर्तें हटाई गई हैं, लेकिन केंद्र में अभी ऐसी शर्तें हैं, जिनके कारण ग्रामीण युवाओं को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से केंद्र से बातचीत कर इन शर्तों में जरूरी बदलाव कराने की अपील की। ‘ढील नहीं मिली तो दिल्ली कूच करेंगे’ भाटी ने कहा कि EWS नियमों में जल्द सरलीकरण और ढील नहीं दी गई तो दिल्ली कूच किया जाएगा। यात्रा के दौरान EWS से जुड़े नियमों को सरल और व्यावहारिक बनाने की मांग लगातार उठाई जा रही है। भाटी और यूनुस खान की मुलाकात से चर्चाएं तेज जनसभा के बाद भाटी ने शिवबाड़ी मंदिर में दर्शन किए और निर्दलीय विधायक यूनुस खान से मुलाकात की। दोनों निर्दलीय विधायकों की इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसे वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले संभावित राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रमुख निर्दलीय नेताओं के साथ आने और किसी नए राजनीतिक मंच या तीसरे मोर्चे की संभावनाओं को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ‘आगे जनता का आदेश और ईश्वर की मंजूरी तय करेगी’ नई पार्टी और 2028 के राजनीतिक समीकरणों को लेकर सवाल पूछे जाने पर भाटी ने कहा कि वे एक साधारण परिवार से आते हैं और जनता के बीच रहने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें यहां तक जनता के प्यार ने पहुंचाया है। आगे क्या होगा, यह जनता का आदेश और ईश्वर की मंजूरी तय करेगी। लाडनूं-छापर होते हुए बीदासर रवाना हुई यात्रा डीडवाना में जनसभा के बाद EWS सरलीकरण यात्रा लाडनूं और छापर होते हुए बीदासर के लिए रवाना हुई। बीदासर में रोड शो और जनसभा के साथ यात्रा के इस चरण का समापन हुआ। यात्रा के दौरान जुट रही भीड़ और भाटी के समर्थन में दिखाई दे रहे उत्साह के बीच राजस्थान की राजनीति में संभावित नए समीकरणों को लेकर चर्चाएं भी जोर पकड़ रही हैं।

