EPFO WhatsApp Service: PF से जुड़ी जानकारी अब वाट्सएप पर मिलेगी, ईपीएफओ लाया नई सर्विस, जानिए कैसे उठाएं फायदा

EPFO WhatsApp Service: PF से जुड़ी जानकारी अब वाट्सएप पर मिलेगी, ईपीएफओ लाया नई सर्विस, जानिए कैसे उठाएं फायदा

EPFO WhatsApp Service: नौकरीपेशा लोगों के लिए पीएफ से जुड़ी जानकारी हासिल करना अब और आसान होने जा रहा है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी ईपीएफओ ने वाट्सएप पर अपनी सेवाएं शुरू की हैं। अब सदस्य वाट्सएप के जरिए पीएफ से जुड़ी जरूरी जानकारी और अपडेट हासिल कर सकेंगे। ईपीएफओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है। संगठन ने बताया कि उसका आधिकारिक वाट्सएप चैनल शुरू हो चुका है, जहां सदस्यों को जरूरी खबरें, स्कीम से जुड़े अलर्ट और महत्वपूर्ण घोषणाओं की जानकारी मिलेगी।

वाट्सएप पर मिलेंगी PF से जुड़ी कई सुविधाएं

ईपीएफओ की वाट्सएप आधारित सर्विस का मकसद सदस्यों को पीएफ से जुड़ी सामान्य जानकारी के लिए बार-बार दफ्तर या कस्टमर केयर के चक्कर लगाने से बचाना है। इस सर्विस के जरिए सदस्य कई जरूरी काम कर सकेंगे। इनमें पीएफ खाते का बैलेंस देखना, हाल के 5 ट्रांजैक्शन की जानकारी लेना, ईपीएफ क्लेम का स्टेटस चेक करना, पीएफ खाते से जुड़ी जरूरी सेवाओं का इस्तेमाल, ईपीएफओ के अपडेट और जरूरी सूचनाएं पाना शामिल हैं।

यह सर्विस ऑटोमेटेड सिस्टम के जरिए 24 घंटे उपलब्ध रहने की उम्मीद है। यानी सामान्य सवालों और खाते से जुड़ी बेसिक जानकारी के लिए कर्मचारियों को ऑफिस टाइम का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मेंबर्स लिंक पर क्लिक करके वाट्सएप चैनल जॉइन कर सकते हैं।

वाट्सएप पर ऐसे शुरू होगी बातचीत

ईपीएफओ के वेरिफाइड वाट्सएप नंबर पर सदस्य ‘Hello’ लिखकर बातचीत शुरू कर सकते हैं। इसके बाद उपलब्ध सेवाओं के जरिए पीएफ खाते से जुड़ी जानकारी हासिल की जा सकेगी। इसके अलावा सदस्य अपने ईपीएफओ में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर जरूरी संदेश भी प्राप्त कर सकेंगे।

ईपीएफओ का वाट्सएप चैनल भी हुआ शुरू

ईपीएफओ ने सिर्फ चैट सर्विस ही नहीं, बल्कि अपना आधिकारिक वाट्सएप चैनल भी शुरू किया है। इस चैनल पर संगठन की ओर से आधिकारिक खबरें, स्कीम से जुड़े अलर्ट और महत्वपूर्ण घोषणाएं शेयर की जाएंगी। यानी पीएफ से जुड़ी जानकारी के लिए सोशल मीडिया पर घूम रही हर खबर पर भरोसा करने के बजाय सदस्य ईपीएफओ के आधिकारिक चैनल से अपडेट ले सकेंगे।

8.25% है EPF की ब्याज दर

ईपीएफ नौकरीपेशा लोगों के लिए लंबे समय की बचत और रिटायरमेंट फंड तैयार करने का अहम जरिया है। सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ईपीएफ और वीपीएफ पर 8.25% सालाना ब्याज दर को मंजूरी दी थी। यह लगातार तीसरा साल था जब ईपीएफ के लिए 8.25% ब्याज दर बरकरार रखी गई। ऐसे में PF खाते में कितना पैसा जमा हुआ, कितना ब्याज जुड़ रहा है और क्लेम की स्थिति क्या है, इसकी जानकारी समय-समय पर रखना कर्मचारियों के लिए जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *