पंजाब सरकार बेशक निर्बाध बिजली देने के दावे करती है लेकिन बरसात में अक्सर बिजली कट लगना आम बात हो गई है। लुधियाना में बीते दिन से लगातार शहर के समस्त इलाकों में बिजली के कट लग रहे है। कई जगह तो तारों में स्पार्किंग आदि होने के बाद मरम्मत कार्य चल रहा है। दरअसल, बिजली के ट्रांसफार्मरों में लगे जंपरों पर जब बरसाती पानी लगता है या तारों में स्पार्किंग होती है तो कई जगह खंभों में पटाखे चल जाते है। जिस कारण लोगों के घरों की बिजली गुल हो जाती है। पावरकाम अधिकारी पिछले दो दिनों से लगातार बिजली की सप्लाई ठीक करने में जुटे हुए है। बिजली गुल होने के कारण लोगों के घरों का काम रुक गया है। हालात यह बन गए है कि लोगों की इमरजेंसी लाइटें भी जवाब दे रही है। ये कोई पहला मामला नहीं अक्सर बरसात के समय शहर में बिजली गुल रहती है। अधिकारी पावर ग्रिडों की मरम्मत आदि में लगे है। बिजली गुल होने के कारण बड़े बाजारों में दुकानदारी ढीली पड़ गई है। लुधियाना में बीते दिन से जनक पुरी, गणेश नगर, शिवा जी नगर, शिंगार सिनेमा रोड, हरचरण नगर, बीआरएस नगर, महाराणा प्रताप नगर, भगवान नगर, सतकार नगर, पंजाबी बाग, सुभाष नगर, न्यू सुभाष नगर, सराभा नगर, चौड़ा बाजार, किदवई नगर, न्यू माधोपुरी, गोशाला रोड, चंडीगढ़ रोड, जमालपुर, शिमलापुरी, गिल रोड आदि समस्त इलाकों में बिजली गुल रही है। कुछ इलाकों में बिजली आती है लेकिन कुछ देर बाद फिर चली जाती है।


