प्रतापगढ़ के सुहागपुरा थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव में ऐराव नदी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। कन्हैयालाल मीणा (51) 18 अप्रैल को नहाने के लिए घर से निकले थे, जिसके बाद अगले दिन 19 अप्रैल को उनका शव नदी में मिला। घर नहीं लौटने पर शुरू की तलाश वीरपुर निवासी मन्नालाल मीणा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनके छोटे भाई कन्हैयालाल मीणा 18 अप्रैल की शाम करीब 4:30 बजे ऐराव नदी में नहाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। 19 अप्रैल को मिला शव अगले दिन, 19 अप्रैल की शाम को कन्हैयालाल का शव ऐराव नदी के एनीकट क्षेत्र में पानी में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर एएसआई भंवरलाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया और उसी रात जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया। खेती बाड़ी कर जीवन यापन करता है परिवार परिजनों ने बताया कि मृतक के बड़े बेटे के जोधपुर से आने का इंतजार किया गया। इसके बाद 21 अप्रैल को परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। कन्हैयालाल के परिवार में उनकी पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। परिवार खेती-बाड़ी और मजदूरी करके जीवन यापन करता है। परिजनों के अनुसार, कन्हैयालाल तैरना नहीं जानते थे। आशंका जताई जा रही है कि स्नान के दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच तथा कानूनी कार्रवाई जारी है।


