जादू-टोना के शक में बुजुर्ग को बेरहमी से पीटा:छतरपुर में मंदिर में बंधक बनाकर रखा, मामला दर्ज

जादू-टोना के शक में बुजुर्ग को बेरहमी से पीटा:छतरपुर में मंदिर में बंधक बनाकर रखा, मामला दर्ज

छतरपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम बृजपुरा में अंधविश्वास से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां करीब 60 वर्षीय जुग्गे साहू को जादू-टोना करने के शक में बेरहमी से पीटा गया। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित जुग्गे साहू ने बताया कि गांव के मत्थु पटेल, कालीचरण पटेल, श्यामलाल और हरगोविंद सहित कुछ लोग उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट की और जबरन उन्हें बुढ़ा बांध के पास स्थित माता मंदिर मड़िया ले गए। मंदिर में बंधक बनाकर फिर पीटा पीड़ित के अनुसार, मंदिर में उन्हें बंधक बनाकर दोबारा पीटा गया और जादू-टोना करने का दबाव बनाया गया। आरोपियों का कहना था कि मत्थु पटेल की पत्नी की बीमारी के लिए जुग्गे साहू जिम्मेदार हैं। जुग्गे साहू के बेटे मनप्यारे ने बताया कि आरोपी पहले भी उनकी मां को परेशान करते थे, जिनका बाद में निधन हो गया। अब वही लोग उनके पिता को निशाना बना रहे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि बीमारी होने पर अस्पताल में इलाज कराना चाहिए या धार्मिक स्थल जाना चाहिए, लेकिन इसके लिए किसी निर्दोष व्यक्ति को दोषी ठहराना गलत है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने जुग्गे साहू की शिकायत पर मत्थु पटेल, कालीचरण पटेल, श्यामलाल और हरगोविंद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(b), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *