Deputy CM Ajit Pawar Death: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई। उनके साथ विमान में छह लोग सवार थे। हादसा बुधवार सुबह पौन नौ बजे उस समय हुआ, जब अजित दादा चुनावी सभा को संबोधित करने बारामती जा रहे थे। इसी लैंडिंग के दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोगों की मौत हो गई। इसकी सूचना से पूरे महाराष्ट्र में हड़कंप मच गया। पीएम मोदी से लेकर विपक्ष के दिग्गज नेताओं ने अजित पवार की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस दौरान नागपुर के NCP-SCP नेता और महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख अजित पवार की मौत का समाचार सुनकर फूट-फूटकर रोए। वह मीडिया के सामने सिर्फ रोते ही रहे, कुछ बोल नहीं सके। दूसरी ओर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने भी अजित पवार की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। साथ ही उनके साथ किए गए कामों को याद किया।
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने क्या कहा?
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और शिवसेना के अध्यक्ष एकनाथ शिंदे ने अपने साथी अजित पवार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के लिए आज का दिन अत्यंत पीड़ादायक है। इस हृदयविदारक दुर्घटना को याद करते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा “हमारे सहयोगी अजित दादा का विमान दुर्घटना में निधन होना न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। अजित दादा बेबाक वक्ता, मेहनती और अनुशासनप्रिय नेता थे। वे समय के प्रति बेहद सजग रहते थे और सौंपे गए प्रत्येक दायित्व को पूरी निष्ठा और गंभीरता से निभाते थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने महाराष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।” एकनाथ शिंदे ने यह भी कहा कि अजित पवार के साथ कार्य करने का अनुभव अत्यंत सकारात्मक रहा। वे टीम भावना में विश्वास रखते थे और सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने की सोच रखते थे।
केंद्रीय मंत्रियों ने भी जताया शोक
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा “यह एक बहुत ही दुखद घटना है। वह महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता थे और बहुत लोकप्रिय नेता थे। बारामती और पूरे महाराष्ट्र में उन्होंने लोगों के लिए बहुत काम किया। यह महाराष्ट्र और देश के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।” दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा “बारामती या पूरे महाराष्ट्र उनका परिवार था जो आज दुख में है। कुछ ही दिन पहले सुप्रिया सुले ने शरद पवार के जन्मदिन पर परिवार को निमंत्रण दिया था। उस दौरान उनसे बातचीत करने का मौका मिला। जिस धरती का लाल, जिस धरती ने उन्हें यहां तक पहुंचाया, उसी धरती ने अपनी गोद में उन्हें समेट लिया। बहुद दुखद है। हर व्यक्ति जिससे भी आज बात हुई है, सबकी आंखों में आंसू हैं।”
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने उठाई जांच की मांग
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा “मैं कभी-कभी सोचता हूं कि अच्छे लोग क्यों चले जाते हैं? जो संघर्ष करते हैं, जिनकी अपनी ताकत होती है, जिनकी अपनी आवाज होती है। जो अपने दम पर समाज को दिशा देते हैं या उसका निर्माण करते हैं। अब ये संजोग है या साजिश मैं इस पर कुछ नहीं कहूंगा, लेकिन कोरी जांच होनी चाहिए कि विमान दुर्घटना कैसे हुई।” दूसरी ओर, शिवसेना (UBT) सांसद अरविंद सावंत ने कहा “बहुत दुखी हूं, व्यथित हूं। एक ऐसा नेता, जिसने कभी मेरे काम के लिए मना नहीं किया। वे कभी भी राजनीतिक ना नहीं कहते थे। राजनीति में उन्होंने कई सारे कदम उठाए। पवार परिवार के ऊपर आज पहाड़ गिरा है। आज उनके क्षेत्र में जो भी प्रगति दिखती है, उसमें उनका बहुत बड़ा योगदान है। ऐसे व्यक्ति को खोना बहुत दुख की बात है।”



LIVE |
ठाणे
28-01-2026
पत्रकारांशी संवाद