Eknath Shinde ने Pune मामले में फास्ट ट्रैक सुनवाई और फांसी की सजा का दिया आश्वासन

Eknath Shinde ने Pune मामले में फास्ट ट्रैक सुनवाई और फांसी की सजा का दिया आश्वासन

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पुणे जिले में यौन उत्पीड़न के बाद नौ वर्षीय बच्ची की कथित रूप से हत्या किये जाने के मामले में उसके परिवार को आश्वासन दिया है कि मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में कराकर आरोपी को मृत्युदंड दिलाने का प्रयास किया जायेगा। पिछले सप्ताह जुन्नर तालुका में यह घटना सामने आने के बाद, शिवसेना के विधायकों नीलम गोर्हे और शरद सोनवणे ने शनिवार को पीड़िता के परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। एक विज्ञप्ति के अनुसार इस मुलाकात के दौरान शिंदे ने फोन पर पीड़िता के परिवार से बात की।

उन्होंने परिवार को आश्वासन दिया कि सरकार आरोपी को मृत्युदंड दिलाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी और मामले की सुनवाई त्वरित अदालत में करायेगी। उन्होंने नसरापुर मामले में की गई कार्रवाई का भी उदाहरण दिया। नसरापुर का मामला एक बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा तीन वर्षीय बच्ची के बलात्कार और हत्या से जुड़ा है।

एक मई को हुई इस घटना के 60 दिनों के भीतर, 25 जून को अदालत ने आरोपी को मौत की सजा सुनाई थी। इस बीच, शिंदे ने पुलिस उपाधीक्षक को पुणे क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया। विज्ञप्ति के अनुसार उन्होंने अधिकारियों को उपद्रवियों, गुंडों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

शिंदे ने कहा कि वह पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के साथ समन्वय करेंगे, ताकि जांच तेजी से पूरी हो और आरोप-पत्र जल्द दाखिल किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *