DUSU Elections: दिल्ली विश्वविद्यालय में मतदान शुरू, सुरक्षा में 2000 से अधिक जवान तैनात

DUSU Elections: दिल्ली विश्वविद्यालय में मतदान शुरू, सुरक्षा में 2000 से अधिक जवान तैनात

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू होने के साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई तथा पुलिस एवं अर्धसैनिक बल के 2,000 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं संयुक्त सचिव के चार केंद्रीय पदों के लिए दो पाली में मतदान हो रहा है।

जिन विद्यार्थियों की कक्षाएं दिन के समय हैं, वे सुबह साढ़े आठ बजे से अपराह्न एक बजे तक मतदान कर सकेंगे जबकि संध्या कक्षा के छात्र अपराह्न तीन बजे से शाम साढ़े सात बजे तक मतदान कर सकेंगे। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी महाविद्यालयों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं जबकि पैदल गश्ती दल, मोटरसाइकिल दल और पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) के वाहन परिसरों के आसपास लगातार गश्त कर रहे हैं।

बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के तहत महत्वपूर्ण स्थानों पर अर्धसैनिक बल के जवान भी तैनात किए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि लोगों की आवाजाही नियंत्रित की जा सके, भीड़भाड़ एवं लोगों को अनधिकृत रूप से एकत्र होने से रोका जा सके और झड़प जैसी घटनाएं नहीं हों। पुलिस दल संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों, खासकर उन इलाकों में कड़ी नजर रख रहे हैं, जहां मतदान के दौरान विद्यार्थियों एवं समर्थकों की अधिक आवाजाही होने की संभावना है।

विश्वविद्यालय ने छात्र मार्ग, प्रोबिन रोड और विश्वविद्यालय मार्ग समेत प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही भी सीमित कर दी है। ये पाबंदियां शुक्रवार और शनिवार को नतीजों की घोषणा होने तक लागू रहेंगी। पुलिस मतदान और मतगणना के दौरान प्रवेश एवं निकास द्वारों, विद्यार्थियों की आवाजाही तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन एवं महाविद्यालयों के प्रबंधन के साथ समन्वय कर रही है।

चुनाव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), कांग्रेस से संबद्ध भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) और अखिल भारतीय छात्र संगठन (आइसा)-स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के वाम गठबंधन समेत प्रमुख छात्र संगठनों के बीच मुकाबला है। इससे पहले 2025 के चुनाव में अध्यक्ष पद समेत केंद्रीय पैनल के चार में से तीन पद पर अभाविप ने जीत हासिल की थी जबकि एनएसयूआई ने उपाध्यक्ष पद पर विजय हासिल की थी। मतगणना शनिवार को ‘नॉर्थ कैंपस’ स्थित ‘यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम’ के बहुद्देश्यीय सभागार में होगी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मी मतगणना के दौरान यह सुनिश्चित करने के लिए तैनात रहेंगे कि नतीजों की घोषणा शांतिपूर्ण तरीके से हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *