भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के दौरे में नेताओं की जेबें कटीं:झांसी में सड़क पर स्वागत से लेकर होटल में संवाद तक शातिर ने उड़ाए लाखों रुपए

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के दौरे में नेताओं की जेबें कटीं:झांसी में सड़क पर स्वागत से लेकर होटल में संवाद तक शातिर ने उड़ाए लाखों रुपए

झांसी दौरे पर आए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत और बैठकों के दौरान जेबकतरों ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया। हैरानी की बात यह रही कि जेबकतरों ने प्रदेश अध्यक्ष के काफिले के साथ अलग-अलग जगहों पर वारदात को अंजाम दिया। कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की जेब से लाखों रुपये पार हो गए हैं, जिसके बाद पुलिस में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। पूंछ में चेयरमैन की जेब से 50 हजार उड़ाए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी रविवार को उरई होते हुए सड़क मार्ग से झांसी आ रहे थे। उनके स्वागत के लिए भाजपा नेता और कार्यकर्ता जगह-जगह एकत्रित थे। काफिला जब पूंछ थाना क्षेत्र में पहुंचा तो नगर पंचायत चेयरमैन देवेंद्र सिंह कंसाना अपने समर्थकों के साथ स्वागत के लिए पहुंचे। कंसाना ने सोमवार को पूंछ थाने में तहरीर देकर बताया कि भीड़ के दौरान किसी ने उनकी जेब से 50 हजार रुपए निकाल लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। लेमन ट्री होटल में भी धड़ाधड़ काटीं जेबें सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष की भाजपा नेताओं के साथ बैठक लेमन ट्री होटल में आयोजित थी। यहां भी भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों ने कई लोगों को निशाना बनाया।
विकास भवन कर्मचारी और यूनियन नेता राजेश तिवारी ने नवाबाद थाने में शिकायत देकर बताया कि उन्हें गुजरात यात्रा पर जाना था, इसलिए वह अपने साथ एक लाख रुपए नकद लेकर आए थे। प्रदेश अध्यक्ष से मिलने के दौरान उनकी जेब से पूरी रकम चोरी हो गई।
इसी तरह टहरौली निवासी भाजपा नेता हरीश सोनी की जेब से भी 50 हजार रुपए चोरी हो गए। उन्होंने भी पुलिस को लिखित शिकायत दी है। जानकारी के अनुसार समथर नगर पालिका अध्यक्ष की जेब से भी करीब पांच हजार रुपए गायब हो गए। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद नवाबाद थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पेशेवर जेबकतरा भीड़ में शामिल होकर अलग-अलग स्थानों पर वारदात करता रहा।
थाना प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायतों के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *