डूंगरपुर की कोतवाली थाना पुलिस ने बोरी गांव में पिता की हत्या और बेटे पर जानलेवा हमले के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रवि कनबई के जंगलों में छिपा हुआ था। यह वारदात आपसी रंजिश के चलते हुई थी। कोतवाली थाने के एसआई अशोक कुमार ने बताया कि यह घटना 7 अप्रैल को हुई थी। रेडा फला निवासी कल्पेश बरंडा अपने पिता दिनेश बरंडा और रिश्तेदार कोकिला के साथ बाइक से डूंगरपुर से घर लौट रहे थे। बोरी गांव के पास गांव के ही रवि, रोहित और नरेश ने उन पर लाठियों और लोहे के पाइप से हमला कर दिया। इस हमले में दिनेश बरंडा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कल्पेश गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश के लिए एक टीम का गठन किया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कनबई के जंगलों में दबिश दी और मुख्य आरोपी रवि को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। आरोपी रवि के खिलाफ कोतवाली थाने में पहले भी मारपीट और जानलेवा हमले के चार मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि रवि ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।


