Duleep Trophy 2026 Final: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच खेला गया दलीप ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला ड्रॉ रहा। लेकिन, नियमानुसार, पहली पारी के आधार पर ईस्ट जोन को विजेता घोषित किया गया। इस मैच के बाद ईस्ट जोन के प्लेयर्स ने 13 साल बाद खिताबी जीत का जमकर जश्न मनाया। वहीं, साउथ जोन के खेमे में मायूसी देखने को मिली। इस हार के बाद साउथ के कप्तान तिलक वर्मा ने सीधे-सीधे अपने गेंदबाजों को दोषी ठहराया।
‘हमारे गेंदबाजों ने उतनी अच्छी गेंदबाजी नहीं की’
मैच के बाद तिलक वर्मा ने कहा कि सच कहूं तो यह हमारे लिए निराशाजनक है, लेकिन इस मैच से बहुत कुछ सीखने को मिला है और उम्मीद है कि हम और मजबूत होकर वापसी करेंगे। क्या आप कुछ फेज में बेहतर कर सकते थे? इस पर तिलक ने दो टूक कहा नहीं। उन्होंने आगे कहा कि पहले दिन हम बेहतर कर सकते थे, लेकिन उन्होंने 700 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। सब जानते हैं कि 700 रन का पीछा करना थोड़ा मुश्किल था। लेकिन, इसका क्रेडिट उनके बैट्समैन को जाता है। लेकिन, कुछ फेज ऐसे रहे, जिन्हें हम कैप्चर कर सकते हैं, लेकिन हमारे गेंदबाजों ने उतनी अच्छी गेंदबाजी नहीं की।
‘हम तीन दिन खेलते तो हम 700 रन बना सकते थे’
708 रन का पीछा करना आसान नहीं था? इस पर तिलक ने कहा कि सच कहूं तो हम बस अगले तीन दिन बैटिंग करने के बारे में सोच रहे थे। हमने अपनी पूरी कोशिश की। अगर हम तीन दिन खेलते तो हम 700 रन बना सकते थे। लेकिन, हमने अपनी पूरी कोशिश की है, लेकिन फिर से क्रेडिट उन्हें जाता है। उन्होंने हमें पूरी तरह हरा दिया है।
एक नजर मैच पर
बता दें कि ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, जिसे खुद कप्तान ईशान किशन ने और उनके बल्लेबाजों ने अपनी पहली पारी में 708 रन बनाते सही साबित भी किया। ईशान किशन ने 270, कुमार कुशाग्र ने 101, अभिमन्यु ईश्वरन ने 72, शिखर मोहन ने 85 और वैभव सूर्यवंशी ने 44 रन की पारी खेली। वहीं, साउथ जोन की ओर से त्रिपूर्णा विजय ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए।
इसके जवाब में साउथ जोन की टीम अपनी पहली पारी में 336 रन पर ही सिमट गई। उसके लिए कप्तान तिलक वर्मा ने 99 और देवदत्त पडिक्कल ने 62 रन बनाए। वहीं, ईस्ट की ओर से मुकेश कुमार ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। इसके बाद ईशान किशन ने साउथ को फॉलोआन न खिलाकर खुद बैटिंग करने का फैसला किया और अपनी दूसरी पारी में 7 विकेट पर 388 रन बनाए थे कि ईस्ट जोन को पारी के आधार पर जीता घोषित कर दिया गया।




