देवरिया में नशे में धुत पोकलेन चालक का उत्पात:सड़क किनारे खड़ी तीन कारों और चलती गाड़ियों को मारी टक्कर, ड्राइवर को पीटा

देवरिया में नशे में धुत पोकलेन चालक का उत्पात:सड़क किनारे खड़ी तीन कारों और चलती गाड़ियों को मारी टक्कर, ड्राइवर को पीटा

देवरिया शहर के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक पोकलेन चालक ने शराब के नशे में धुत होकर जमकर उत्पात मचाया। हनुमान मंदिर के पास सीसी रोड पर अनियंत्रित पोकलेन मशीन ने सड़क किनारे खड़ी और चलती हुई आधा दर्जन से अधिक कारों को क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नशे में धुत चालक ने पोकलेन मशीन को तेज रफ्तार से चलाना शुरू कर दिया। मशीन का पंजा ऊपर-नीचे करते हुए वह वाहनों की ओर बढ़ने लगा, जिससे सड़क पर भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, कई लोग अपने वाहन छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। इसी दौरान पोकलेन ने सड़क किनारे खड़ी तीन कारों और सड़क पर चल रही लगभग चार अन्य चार पहिया वाहनों को कुचल दिया। कुल मिलाकर आधा दर्जन से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। बिजली के तार को तोड़ दिया। जिससे आपूर्ति बाधित हो गई। कुछ युवकों ने साहस दिखाते हुए पीछे से पोकलेन चालक को मशीन से खींचकर नीचे उतार लिया। गुस्साए लोगों ने चालक की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित भीड़ से चालक को छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पोकलेन मशीन को भी जब्त कर लिया है। सदर कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला शराब के नशे में लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत हो रहा है। चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। क्षतिग्रस्त वाहनों का आकलन किया जा रहा है और पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *