DM ने सर्वोदय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया:महराजगंज में व्यवस्थाएं देखीं, कमियां दूर करने के निर्देश

DM ने सर्वोदय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया:महराजगंज में व्यवस्थाएं देखीं, कमियां दूर करने के निर्देश

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, धनेवा धनेई का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा-कक्षों, छात्रावास, मेस, स्टाफ आवास और अन्य व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मेस के निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता परखी। उन्होंने पैकेटबंद खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट भी जांची और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालय परिसर में पानी की टंकी की मरम्मत के लिए यूपी सिडको को निर्देशित किया गया। साथ ही, परिसर में सीसी सड़क निर्माण और सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में किचन गार्डन विकसित करने का निर्देश दिया, जिसमें सहजन, कटहल और केला जैसे पोषक पौधों का रोपण किया जाएगा, ताकि छात्राओं को पोषणयुक्त आहार मिल सके। कक्षा निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद किया और उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रमपूर्वक अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। समाज कल्याण अधिकारी को छात्राओं के लिए मेंटरशिप कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि सर्वोदय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके उपरांत, जिलाधिकारी ने जिला क्रीड़ा स्टेडियम स्थित बैडमिंटन कोर्ट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की कमियों को शीघ्र दूर कर खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन कुमार यादव और जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *