लखीमपुर खीरी में विज्ञान को रोचक और व्यवहारिक बनाने के उद्देश्य से संचालित विज्ञान बस अभियान का सोमवार को समापन हो गया। उत्तर प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के तहत यह अभियान 13 अप्रैल से 04 मई तक जिले की सभी तहसीलों में चला, जिसका उद्देश्य छात्रों को विज्ञान से जोड़ना था। अभियान का समापन गुरुनानक विद्यक सभा इंटर कॉलेज में हुआ। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन के साथ विज्ञान बस का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बस में लगे उपकरणों और प्रयोगों को करीब से समझा। देखें, 3 तस्वीरें… डीएम ने छात्रों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने, नवाचार अपनाने और प्रयोग आधारित शिक्षा पर जोर देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जिला विज्ञान क्लब को निर्देश दिए कि ऐसे कार्यक्रमों को भविष्य में भी लगातार आयोजित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्र इसका लाभ उठा सकें। विज्ञान बस में 3D प्रिंटर, ऑप्टिकल बेंच, माइक्रोस्कोप और टेलीस्कोप जैसे आधुनिक उपकरण छात्रों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने इन उपकरणों के माध्यम से विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों को समझा। आईआईटी कानपुर द्वारा तैयार शैक्षणिक फिल्मों ने भी सीखने की प्रक्रिया को सरल और रोचक बनाया। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने विज्ञान बस टीम के सदस्यों को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की। यह अभियान छात्रों के लिए विज्ञान को केवल किताबों तक सीमित न रखकर अनुभव के माध्यम से सीखने का एक प्रभावी मंच साबित हुआ।


