DK Shivakumar ने Congress MLAs संग 7 घंटे की बैठक, तबादलों पर दिए निर्देश

DK Shivakumar ने Congress MLAs संग 7 घंटे की बैठक, तबादलों पर दिए निर्देश

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने मंगलवार को 27 जिलों के कांग्रेस विधायकों के साथ करीब सात घंटे तक बैठक की। सूत्रों ने बताया कि बैठक में विकास से जुड़ी प्राथमिकताओं, पार्टी संगठन और अधिकारियों के तबादलों पर चर्चा हुई। शिवकुमार ने विधायकों से उनके विधानसभा क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं जैसे पेयजल, बुनियादी ढांचा, आवास, सिंचाई और अन्य विकास कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी मांगी।

मुख्यमंत्री के करीबी सूत्रों ने बताया कि शिवकुमार ने विधायकों को भरोसा दिलाया कि धन आवंटन पर फैसला लेने से पहले वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों से चर्चा करके उनकी समस्याओं पर विचार किया जाएगा। शिवकुमार ने विधायकों से पंचायत स्तर पर ‘भारत जोड़ो युवा संघ’ बनाने को प्राथमिकता देने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि वे सक्रिय रूप से काम करें। उन्होंने विधायकों से इन संघों के अध्यक्ष के लिए उपयुक्त लोगों के नाम सुझाने को भी कहा।

सूत्रों के अनुसार शिवकुमार ने विधायकों से कहा, “कई वर्षों के अध्ययन के बाद मैंने यह योजना तैयार की है।”
उन्होंने विधायकों से इस पहल को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने विधायकों को पंचायत स्तर पर गारंटी समितियों में छह सदस्यों की नियुक्ति करने और पार्टी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा करने की सलाह दी। बैठक में शामिल जिला अध्यक्षों को कांग्रेस पार्टी के कार्यालय बनाने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया।

शिवकुमार ने विधायकों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान पात्र मतदाताओं के साथ कोई अन्याय न हो। अधिकारियों के तबादलों के बारे में मुख्यमंत्री ने विधायकों को आईएएस और आईपीएस अधिकारियों से जुड़े मामलों में हस्तक्षेप न करने की सलाह दी। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने विधायकों से कहा, “तबादलों में जातिवाद नहीं होना चाहिए।

पार्टी नेतृत्व ने निर्देश दिया है कि सामाजिक न्याय का पालन किया जाना चाहिए। इसलिए तबादले करते समय इसे ध्यान में रखा जाना चाहिए।”
सूत्रों ने बताया कि शिवकुमार बुधवार को बेंगलुरु शहरी, बेंगलुरु ग्रामीण और बेंगलुरु दक्षिण जिलों के विधायकों से मुलाकात करेंगे। विधान परिषद के सदस्यों के साथ अलग से बैठक भी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *