जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने आज विकास भवन स्थित पंचायत रिसोर्स सेंटर में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना और आयुष्मान कार्ड की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों को स्वीकृत आवासों का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने तथा पात्र लाभार्थियों के देयकों का भुगतान समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री आवास योजना के नाम पर कोई बिचौलिया या अन्य व्यक्ति लाभार्थियों से धनराशि की मांग करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। समीक्षा के दौरान, जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों द्वारा आवास निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी की जाए और उनके वेतन भुगतान पर रोक लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान, जिलाधिकारी ने आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपस में समन्वय स्थापित करते हुए आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाएं, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने भी विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, सी0एम0ओ0 डॉ0 पंकज राय, जिला पंचायत राज अधिकारी नामित शरण, डी0सी0 मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक (डीआरडीए) तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।


