Dholpur: बीटेक की पढ़ाई छोड़ हथियार तस्कर बना युवक, भारी असलाह के साथ गिरफ्तार

Dholpur: बीटेक की पढ़ाई छोड़ हथियार तस्कर बना युवक, भारी असलाह के साथ गिरफ्तार

dholpur, जिले की सरमथुरा थाना पुलिस ने अवैध हथियार बेचने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सरमथुरा पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करते युवक आदित्य कुमार को गिरफ्तार कर कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं। आरोपित युवक बीटेक की पढ़ाई कर रहा था लेकिन फिर पढ़ाई को बीच में छोड़ वह नशे की आदत पड़ गई और फिर अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क से जुड़ गए। पुलिस ने आरोपित युवक के कब्जे से 2 देशी कट़्टा,2 पिस्टल, एक पौना समेत 38 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपित ग्वालियर से निजी बस में करौली की तरफ जा रहा था, सूचना पर पुलिस ने उसे धरदबोचा। पकड़े युवक के खिलाफ एमपी के शहर ग्वालियर समेत अन्य थानों में १० मुकदमे दर्ज हैं।

एएसपी श्रवण कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना पर एक युवक बस से अवैध हथियार लेकर जा रहा है। जिस पर थाना प्रभारी कैलाश गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को खरेर नदी के पास ग्वालियर से करौली की ओर जा रही एक निजी बस को रुकवाया। इस बीच एक युवक लाल बैग के साथ बस से कूदा और बसंतपुरा लिंक रोड की तरफ भागने लगा। जिस पर पुलिस ने आरोपित आदित्य सिंह ठाकुर पुत्र योगेन्द्र निवासी पंकज कॉलोनी, यादव धर्मकांटा के पास ग्वालियर को धरदबोचा। तलाशी लेने पर कब्जे से अवैध हथियार 2 अवैध देशी कट्टा, 2 पिस्टल, 1 पौना (मैगजीन) सहित 38 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। आरोपी से हथियार तस्करी के नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में पुलिसकर्मी धर्मवीर, विनोद, राम लखन, राम अवतार सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल थे।

पिता ने डांटा तो पढ़ाई छोड़ दी…

पूछताछ में सामने आया कि आरोपित आदित्य सिंह ने पहले मुरैना के जौरा से 12वीं तक पढ़ाई की। फिर साल 2004 -05 में वह ग्वालियर के नामी इंजीनियर कॉलेज में एडमिशन ले लिया। यहां कम्प्यूटर ब्रांच में तीन साल तक पढ़ाई की लेेकिन यहां वह दोस्तों के साथ स्मैक व शराब सहित अन्य नशे की लत पड़ गया। पिता ने डांटा तो पढ़ाई छोड़ पालनपुर स्थित फैक्ट्री में काम करने लगा। लेकिन यह भी जॉब छोडऩी पड़ी और वह बाइक चोरी करने लगा। इसके बाद वह ग्वालियर, बहोडापुरा, मुरार, पडाव, जनकगंज, झांसी रोड थानों में बंद रहा। यहां से वह अवैध हथियारों की सप्लाई के धंधे में घुस गया।

4 से 5 दफा पहले भी आ-जा चुका है आदित्य

सूत्रों के अनुसार पकड़ा आरोपित आदित्य पहले भी इस रूट का उपयोग कर चुका है। जांच में सामने आया कि वह ग्वालियर में एक हथियार तस्कर से सप्लाई लेकर करौली हथियार पहुंचाता है। वह पहले भी चार से पांच ट्रिप कर चुका है। पुलिस अब हथियार सप्लाई करने वाले शख्स की तलाश में जुट गई है। धौलपुर से सरमथुरा होते हुए ग्वालियर का रास्ता शांत है और यहां कम ट्रेफिक होने से वह आसानी से निजी बस में बैठ कर करौली पहुंच जाता था। लेकिन इस दफा इनपुट पर उसे पुलिस ने धरदबोचा। आदित्य को हथियार सप्लाई के बदले मात्र 2 से 3 हजार रुपए मिलते थे।

– हथियार तस्कर को इनपुट के आधार पर पकड़ा है। वह पहले ही आ-जा चुका है। पूछताछ कर रहे हैं कि करौली में किसको सप्लाई करता था। साथ ही ग्वालियर में किससे हथियार उठाता था। वह अवैध हथियार सप्लायर्स का नेटवर्क है।

– विकास सांगवान, पुलिस अधीक्षक धौलपुर

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *