Dewas Sanitizer Fire Accident: मध्यप्रदेश के देवास में शहर के विकास नगर में गुरुवार दोपहर को उस वक्त एक परिवार की खुशियां चीख पुकार में बदल गईं जब बाटी बनाने के लिए कंडे जलाने के लिए सेनिटाइजर डालने से बड़ा हादसा हो गया। कंडे पर सेनिटाइजर डालते ही आग भभक उठी और 2 मासूम बच्चों समेत 4 लोग झुलस गए। सभी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। सभी को उपचार के लिए अमलतास अस्पताल में भर्ती किया गया है, दोनों मासूम बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और लोग सहम गए।
बेटे के बर्थ-डे पर परिवार में हादसा
विकास नगर निवासी अजय के बेटे विक्रांत (2 साल) का गुरुवार को जन्मदिन था। घर में विक्रांत के बर्थ-डे की तैयारियां चल रही थीं और बर्थ-डे पर दाल बाटी का प्रोग्राम रखा गया था। पत्नी शालू (22), भाई विनय (22), विक्रांत (2) और 8 महीने की बच्ची अपर्णा घर मौजूद थे, जबकि अजय काम से बाजार गए हुए थे। दोपहर करीब 3.30 बजे शालू घर के अंदर खाना बना रही थी, जबकि देवर विनय बाहर कंडे जला रहा था। इसी दौरान जब देवर विनय से कंडे नहीं जले तो शालू घर के अंदर रखी सेनिटाइजर की पुरानी केन ले आई और आग जलाने के लिए कंडे पर सेनिटाइजर डाल दिया। सेनिटाइजर डालते ही आग धमाके से भभक उठी और चारों को अपनी चपेट में ले लिया।
बच्चे गंभीर रूप से झुलसे
जानकारी के अनुसार घटना के समय 8 माह की बच्ची अर्पणा वॉकर में थी, जबकि बच्चा विक्रांत घोड़े पर बैठकर खेल रहा था। सभी घायलों को दोपहर 3.50 बजे जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बर्न यूनिट के लिए रेफर किया गया। परिजन उन्हेंअमलतास अस्पताल ले गए जहां सभी का उपचार जारी है। जिला अस्पताल के डॉ क्षितिज वर्मा के अनुसार 8 माह व 2 साल के दो बच्चे गंभीर रूप से झुलसे हैं। वहीं औद्योगिक थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया संभावना है कि सेनिटाइजर ज्यादा मात्रा में डल गया जिस कारण यह हादसा हुआ। मामले की जांच कर रहे हैं, दोनों बच्चों की हालत गंभीर है।


