Dewas News : नागपंचमी पूजा के समय महिला को सांप ने डसा, शराब के नशे में सपेरा गिरफ्तार

Dewas News : नागपंचमी पूजा के समय महिला को सांप ने डसा, शराब के नशे में सपेरा गिरफ्तार

Dewas News : नागपंचमी के अवसर पर मध्य प्रदेश के देवास के अंतर्गत आने वाले विकास नगर से पूजा के दौरान सांप द्वारा काटे जाने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि, परिवार द्वारा सोमवार सुबह नागपंचमी के अवसर पर नाग की पूजा की जा रही थी, इसी दौरान विकास नगर निवासी ऋषिका पति अक्षय चौहान को सांप ने काट लिया। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। आनन फानन में परिजन महिला को तत्काल उपचार के लिए लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां महिला का इलाज किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि, सपेरे द्वारा जिस सांप को पूजा के लिए लाया गया था, उसके विशेले दांत निकाले जा चुके थे। लेकिन, सांप द्वारा हमला किए जाने के बाद सपेरा पूजा छोड़कर फरार हो गया। हालांकि, घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची औद्योगिक थाना पुलिस ने सपेरे को पकड़ लिया है। साथ ही, उसके कब्जे से सांप भी जब्त कर लिया गया है। फिलहाल, पुलिस ने सांप को वन विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया है। बताया जा रहा है कि, सांप को जंगल में छोड़ दिया जाएगा।

पति का सपेरे पर गंभीर आरोप

हालांकि, महिला के पति अक्षय चौहान ने मीडिया से बातचीत करते हुए पूजा कराने आए सपेरे पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि, जो शख्स नाग पूजा कराने आया था, वो शराब के नशे में था। उसकी यही लापरवाही इस घटनाक्रम का कारण बनी है। अक्षय के अनुसार, अगर वो होश में होता तो संभवत: सांप पर मुस्तैदी से नजर रखता। उन्होंने बताया कि, जैसे ही उनकी पत्नी ऋषिका नाग के सामने हाथ जोड़े, तभी अचानक उसके हाथ पर सांप ने हमला कर दिया। हालांकि, हम तत्काल ही उसे लेकर अस्पताल आ गए हैं। यहां ट्रीटमेंट शुरु कर दिया गया है। फिलहाल, डॉक्टरों द्वारा गहन परीक्षण नहीं किया गया है। ऐसे में डॉक्टरों का कहना है कि, उनकी पत्नी की मौजूदा कंडीशन के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। यानी उसकी हालत खतरे से बाहर है या नहीं, ये कुछ देर में स्पष्ट होगा। फिलहाल, उपचार जारी है।

Nagpanchmi Worship
Nagpanchmi Worship (नागपंचमी पूजा के समय महिला को सांप ने डसा Photo Source- Input)

नागदेवता की पूजा का महत्व

नागपंचमी हिन्दू धर्म का एक विशेष और आस्था से जुड़ा पर्व है, जो श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है। ये दिन नाग देवता की आराधना और उनसे कृपा प्राप्त करने का अवसर होता है। मान्यता है कि, इस दिन नागों की पूजा करने से कालसर्प दोष, सर्प भय और सर्पदंश जैसी बाधाओं से मुक्ति मिलती है। इस दिन भक्त नाग देवता को दूध अर्पित कर, स्नान कराकर पूजा-अर्चना करते हैं और सुरक्षा-समृद्धि की कामना करते हैं। कुछ इसी उद्देश्य से देवास का परिवार भी नाग की पूजा कर रहा था, लेकिन जरा सी लापरवाही से यहां महिला की जान पर बन आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *