Dewas में जलभराव के बीच School Van निकालने वाला चालक अरेस्ट, 7 बच्चों की जान जोखिम में डाली थी

Dewas में जलभराव के बीच School Van निकालने वाला चालक अरेस्ट, 7 बच्चों की जान जोखिम में डाली थी

मध्यप्रदेश के देवास शहर में एक रेलवे अंडरपास में बारिश का पानी भरा होने के बावजूद एक निजी विद्यालय की वैन निकालने की कोशिश करके उसमें सवार एक शिक्षक और सात विद्यार्थियों की जान जोखिम में डालने के आरोप में पुलिस ने चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सरकारी दिशा-निर्देशों की कथित अनदेखी के कारण विद्यालय के संचालक के खिलाफ भी अलग से मामला दर्ज किया गया है।

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बीच यह कार्रवाई मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर की गई है। यादव ने एक बयान में कहा,‘‘विद्यार्थियों की सुरक्षा हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।’’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 25 अगस्त (मंगलवार) को देवास के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित रेलवे अंडरपास में बारिश का पानी भर गया था और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने इसके दोनों ओर बैरिकेड लगाकर आवागमन बंद कर दिया था। अधिकारी के मुताबिक इन इंतजामों के बावजूद एक निजी विद्यालय के विद्यार्थियों को ले जा रहे वैन चालक ने दुस्साहस करते हुए बैरिकेड हटाए और वह वाहन को अंडरपास में ले गया।

उन्होंने बताया कि पानी अधिक होने के कारण वैन बंद होकर फंस गई और चालक स्कूली बच्चों को वाहन में ही छोड़कर मौके से रवाना हो गया। अधिकारी ने बताया कि स्थानीय नागरिकों और पुलिस कर्मियों ने रस्सियों की सहायता से स्कूल वैन में सवार एक शिक्षक और सात बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि स्कूल वैन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया गया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के मानकों और चालक के चरित्र सत्यापन संबंधी दिशा-निर्देशों की कथित अनदेखी के कारण विद्यालय संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (सरकारी अधिकारी का आदेश नहीं मानना) के तहत एक अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *