दारुका मिल चालू करने की मांग:सैकड़ों मजदूरों ने प्रदर्शन किया, 6 माह से मजदूरी नहीं मिलने से गहराया संकट

दारुका मिल चालू करने की मांग:सैकड़ों मजदूरों ने प्रदर्शन किया, 6 माह से मजदूरी नहीं मिलने से गहराया संकट

सीतापुर में जेबी दारुका मिल के सैकड़ों मजदूर मंगलवार दोपहर को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। मजदूरों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर बकाया मजदूरी के भुगतान की गुहार लगाई और बंद पड़ी फैक्ट्री को पुनः संचालित कराए जाने की मांग उठाई। मजदूरों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक अमला भी मौके पर सतर्क नजर आया। प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि मिल बंद होने के बाद से उनकी आजीविका पूरी तरह प्रभावित हो गई है। मजदूरों ने आरोप लगाया कि बीते छह माह से उन्हें मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। मजदूरों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर मिल प्रबंधन को बकाया वेतन का तत्काल भुगतान कराने की मांग की। पहले दो तस्वीरें देखिए… मजदूरों ने डीएम कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए चेताया कि यदि शीघ्र ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे मजबूरन धरना-प्रदर्शन और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। मजदूरों का कहना है कि इससे पहले भी वे कई बार मिल गेट पर प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन प्रबंधन की ओर से सिर्फ आश्वासन ही दिए गए, ठोस कार्रवाई अब तक नहीं हुई। मजदूर लीडर धीरज श्रीवास्तव ने बताया कि मिल के सैकड़ों कर्मचारी लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और इलाज तक कराना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि मजदूरों ने कई बार अधिकारियों और मिल प्रबंधन से संपर्क किया, लेकिन हर बार उन्हें केवल भरोसा देकर टाल दिया गया। मजदूरों ने जिलाधिकारी से मांग की कि मिल को दोबारा चालू कराया जाए ताकि उन्हें स्थायी रोजगार मिल सके और लंबित मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित हो। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को लिखित रूप में रखा। वहीं प्रशासन की ओर से मजदूरों को आश्वासन दिया गया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभाग व मिल प्रबंधन से वार्ता कर जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *