Delhi Weather: राजधानी में पारा 18 डिग्री तक लुढ़का, AQI खराब श्रेणी में पहुंचा

Delhi Weather: राजधानी में पारा 18 डिग्री तक लुढ़का, AQI खराब श्रेणी में पहुंचा

नयी दिल्ली, एक नवंबर दिल्ली में एक नवंबर को 2023 के बाद सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया और पारा इस मौसम के औसत से 1.9 डिग्री कम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार है। एक नवंबर 2023 को न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस तारीख के लिए 2021 के बाद से सबसे कम है। वर्ष 2021 में एक नवंबर को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। समीर ऐप के अनुसार, तापमान में गिरावट के बीच रविवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 277 दर्ज किया गया।

शहर के 54 निगरानी केंद्रों में से 18 में वायु गुणवत्ता खराब , जबकि 25 केंद्रों में बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सोमवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

रविवार शाम पांच बजकर 30 मिनट पर सापेक्ष आर्द्रता 75 प्रतिशत दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *