Delhi Weather: बारिश से गिरा पारा, IMD ने जारी किया Yellow-Orange Alert

Delhi Weather: बारिश से गिरा पारा, IMD ने जारी किया Yellow-Orange Alert

नयी दिल्ली, पांच सितंबर राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह हुई हल्की बारिश से न्यूनतम तापमान गिरकर 24.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 3.4 डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताते हुए ‘येलो-ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग मौसम केंद्र में शुक्रवार रात 11 बजकर 30 मिनट से शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे के बीच 0.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके बाद सुबह आठ बजकर 30 मिनट तक अगले तीन घंटों में 1.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रात भर शहर के विभिन्न मौसम केंद्रों पर कम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले दिन से 3.5 डिग्री कम है।

वहीं, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री और आयानगर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘दिल्ली में गरज-चमक, बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।’’
पूर्वानुमान के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 59 दर्ज किया गया जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

इससे पहले शुक्रवार शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 71 दर्ज किया गया था। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *