दिल्ली और हरियाणा में एटीएम काटकर पैसे निकालने और चोरी के कई अन्य मामलों में वांछित मेवात निवासी एक बदमाश को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान हरियाणा के नूंह निवासी मोहम्मद जाहिद के रूप में हुई है, जिसे तीन आपराधिक मामलों में भगोड़ा घोषित किया गया था।
इसमें दिल्ली में दो एटीएम में चोरी के मामले और हरियाणा में हत्या के प्रयास का एक मामला शामिल है। वह दिल्ली में विशेष प्रकोष्ठ द्वारा शस्त्र कानून के तहत दर्ज एक मामले में भी वांछित था, जिसमें उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। पुलिस के अनुसार, जाहिद दिल्ली और हरियाणा में एटीएम काटकर पैसे निकालने और चोरी के 14 से अधिक मामलों में कथित तौर पर शामिल था।
उसने और उसके सहयोगियों ने देर रात अपेक्षाकृत एकांत स्थानों पर स्थित एटीएम को निशाना बनाया और इन्हें काटकर पैसै निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, चोरी करने के बाद, आरोपी कथित तौर पर गिरफ्तारी से बचने के लिए मेवात क्षेत्र में अपने पैतृक गांवों में भाग जाते थे। अपराध शाखा की टीम कई दिनों से जाहिद की गतिविधियों की जानकारी पर काम कर रही थी।
12 अगस्त को एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक टीम ने राजस्थान के भिवाड़ी के पास जाल बिछाया और उसे पकड़ लिया। पुलिस ने कहा कि जाहिद को पहली बार 2012 में गीता कॉलोनी थाने में दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। अपनी रिहाई के बाद, वह 2020 में फिर से एटीएम लूटने के अपराधों में शामिल हो गया।


