Sanjay Singh: दिल्ली शराब घोटाले का मामला इन दिनों सुर्खियों में है। इस मामले में आरोप मुक्त होने के बाद से आम आदमी पार्टी के नेता लगातार भाजपा को कोसते हुए नजर आ रहे हैं। अब AAP नेता और राज्य सभा सांसद संजय सिंह ने सीधा दिल्ली का चुनाव रद्द करने की मांग कर दी है। इसके लिए उन्होंने बकायदा संसद को नोटिस भी दिया है। संजय का आरोप है कि उनकी पार्टी के नेताओं पर झूठा आरोप लगाकर पहले उनकी छवि को खराब किया गया, फिर साजिश के तहत चुनाव में हराया गया है।
आपको बता दें कि संजय सिंह ने एक्स पर नोटिस पोस्ट किया और आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को झूठे मुकदमों के जरिए बदनाम किया गया और साजिश के तहत चुनाव प्रभावित किए गए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, समेत आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को अवैध तरीके से गिरफ्तार किया गया, जिसके चलते चुनावी प्रक्रिया पर असर पड़ा और पार्टी को नुकसान हुआ।
CBI पहुंची हाईकोर्ट
नीचली कोर्ट से बरी होने के बाद भी आम आदमी पार्टी के नेताओं पर तलवार लटकी हुई है। दरअसल, हाईकोर्ट में सोमवार को आबकारी नीति मामले को लेकर सुनवाई हुई। इस दौरान निचली अदालत के फैसले को चुनौती दी गई और सीबीआई की तरफ से अदालत से तीन मांगें की गईं, जिन्हें कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। एजेंसी का कहना है कि निचली अदालत के फैसले के कुछ हिस्से तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं। सुनवाई के दौरान सीबीआई की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि यह फैसला आपराधिक कानून की तय प्रक्रिया के खिलाफ लगता है।
सबूत मिटा दिया गया-CBI
वहीं, सीबीआई की तरफ से यह भी कहा गया कि इस मामले में सबूत मिटाने के कई उदाहरण रिकॉर्ड पर पेश किए गए हैं। अब बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत अन्य आरोपियों की उम्मीदों को भी बड़ा झटका लगा है। फिलहाल कोर्ट ने इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 16 मार्च की तारीख तय की है।


