दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि आगामी रामलीला, दुर्गा पूजा और छठ पूजा की तैयारियों तथा बेहतर समन्वय के लिए दो मंत्रियों की अध्यक्षता में तीन विशेष समितियों का गठन किया गया है। संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा छठ पूजा और दुर्गा पूजा समारोहों से जुड़ी समितियों की अध्यक्षता करेंगे, जबकि समाज कल्याण मंत्री रवींद्र इंद्राज सिंह रामलीला की व्यवस्थाओं से संबंधित समिति की अध्यक्षता करेंगे। गुप्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘ये त्योहार करोड़ों लोगों की आस्था और भावनाओं से गहराई से जुड़े हैं।
सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालु आयोजन स्थलों पर किसी असुविधा का सामना किए बिना पूरी आस्था, भक्ति और उत्साह के साथ अपने त्योहार मना सकें।’’
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करना है, ताकि धार्मिक आयोजन सुरक्षा, स्वच्छता और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें। समितियों की प्रमुख जिम्मेदारियों में एकल खिड़की प्रणाली के तहत संबंधित जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कराने में मदद करना तथा पूजा स्थलों पर पेयजल, चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस सेवा, अस्थायी शौचालय, अग्निशमन सेवा और यातायात प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल होगा।

