Delhi के सुखदेव विहार में तेज रफ्तार कार की टक्कर से ऑटो चालक की मौत, आरोपी गिरफ्तार

Delhi के सुखदेव विहार में तेज रफ्तार कार की टक्कर से ऑटो चालक की मौत, आरोपी गिरफ्तार

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सुखदेव विहार में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने दो गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिससे 45 वर्षीय एक ऑटो-रिक्शा चालक की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना के संबंध में 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना सुबह करीब सात बजे मसीहगढ़ लाल बत्ती के पास सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन की ओर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि टक्कर से कुछ देर पहले दो कार ‘रेस’ लगा रही थीं। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के मोहम्मद कलाम के रूप में हुई।

पुलिस ने बताया कि घायल व्यक्ति की पहचान मोहम्मद बबलू के रूप में हुई है, जो हादसे के समय अपने रिक्शे में बैठे थे। उन्हें इलाज के लिए होली फैमिली अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला कि दिल्ली नंबर वाली कार ने पहले कलाम के ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी और उसके बाद साइकिल-रिक्शा को टक्कर मार दी।

पुलिस ने बताया कि न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि कार चालक 21 वर्षीय मोहम्मद तालिब को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया क्योंकि जांचकर्ताओं को उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले थे। हादसे के संबंध में जीत नामक प्रत्यक्षदर्शी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वह चाय पीने के लिए रुके थे और सुबह करीब सात बजे वहां से निकल रहे थे, तभी उन्हें जोर की आवाज़ सुनाई दी।

जीत ने कहा, ‘‘मैंने मुड़कर देखा तो पता चला कि हादसा हुआ है।’’
उन्होंने कहा, “दो कार एक-दूसरे से रेस लगा रही थीं और उनमें से एक ने ऑटो को टक्कर मार दी। तब तक दूसरी कार तेज रफ्तार में वहां से निकल गई।’’
जीत ने बताया कि ऑटो-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार ने बाद में एक साइकिल-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति गिर गया तथा घायल हो गया। उन्होंने कहा, ‘‘कार फ्लाईओवर की तरफ से आ रही थी और शाहीन बाग की ओर जा रही थी।

ऑटो को जिस तरह टक्कर मारी, उससे आप कार की रफ्तार का अंदाजा लगा सकते हैं। कार में तीन-चार लोग सवार थे। हादसा होते ही वे कार छोड़कर फरार हो गए।’’
वहीं, एक राहगीर द्वारा बनाए गए वीडियो में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखी।

उसका एयरबैग खुला हुआ था और शीशे तथा बोनट टूटे हुए थे। कार के अंदर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त नजर आया। बताया गया कि कार सवार उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

वीडियो में ऑटो-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आया और कलाम सड़क पर अचेत पड़े दिखाई दिए। पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने और कार के मालिक तथा उसमें सवार लोगों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *